धर्मशाला से दिल्ली को रात्रि परिवहन सेवा की अब केवल 2 ही बसें
punjabkesari.in Wednesday, Apr 21, 2021 - 01:46 PM (IST)

धर्मशाला (तनुज): हिमाचल पथ परिवहन निगम धर्मशाला बस डिपो की देश की राजधानी दिल्ली के लिए चलने वाली रात्रि परिवहन सेवाओं पर असर पड़ा है। निगम के हालात सुधरने के बाद बसों के संचालन को सुचारू किया था, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर में बढ़ते मामलों को देखते हुए अब 2 ही बसें शाम 6 बजे के बाद चलाई जा रही हैं। इतना ही नहीं धर्मशाला से राजस्थान के अनूपगढ़ को चलने वाली एकमात्र बस सेवा पर कोविड के चलते ब्रेक लग गई है। जानकारी के अनुसार धर्मशाला बस डिपो से शाम 6 बजे से दिल्ली के लिए 6 बसें चलती थी। इसमें शाम 6 बजे वोल्वो, 8.15 बजे वोल्वो तथा रात 9.30 बजे वोल्वो बसें चलती थी। इसमें से केवल एक मात्र 8.15 बजे ही वोल्वो बस चल रही है। इसके अलावा 6.40 बजे व 8.15 बजे साधारण बसें चलती थी जिसमें से 8.15 बजे ही बस को चलाया जा रहा है। वहीं, 6 बजे चलने वाली डीलक्स बस को भी निगम ने बंद कर दिया है। इसके अलावा धर्मशाला से अनूपगढ़ के लिए 5.40 बजे चलने वाली बस सेवा को बंद कर दिया गया है। वहीं, धर्मशाला से शाम 5.40 बजे पठानकोट रूट पर चलने वाली बस को भी बंद कर दिया गया है। उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मशाला पंकज चड्डा ने बताया कि धर्मशाला से दिल्ली व अन्य रूटों पर चलने वाली बसों को बंद किया गया है। इसमें दिल्ली के लिए अब केवल 2 ही बसों को चलाया जा रहा है। वहीं, सोमवार से अनूपगढ़ व पठानकोट रूट पर चलने वाले एक-एक रूट को बंद किया गया है।