Bilaspur: पुलिस ने जांच के लिए रोकी कार...तलाशी में मिला कुछ ऐसा कि सीधे सलाखों के पीछे पहुंचे 2 युवक

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 01:34 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। जिले के स्वारघाट थाना पुलिस ने गश्त और यातायात चैकिंग के दौरान एक कार से 1.81 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वारघाट थाना पुलिस की एक टीम इलाके में नियमित गश्त और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान जब पुलिस टीम नालियां के पास मौजूद थी, तो सामने से एक कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर इस कार ( HP 12S-9908) को चैकिंग के लिए रोका। जब पुलिस जवानों ने कार की गहनता से तलाशी ली, तो उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से चिट्टा बरामद हुआ। इस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया, जिनकी पहचान सचिन ठाकुर और अरविंद के रूप में हुई है। इनमें से सचिन ठाकुर सोलन जिले का रहने वाला है, जबकि दूसरा आरोपी अरविंद श्री नयनादेवी जी का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस ने बरामद किए गए चिट्टे को अपने कब्जे में ले लिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ स्वारघाट पुलिस थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे यह नशा कहां से खरीद कर लाए थे और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा  कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News