HRTC बस के ड्राइवर-कंडक्टर पर हमला, दबंगों ने फाड़ी वर्दी और बिखेर दिया कैश, 2 युवकों के खिलाफ केस दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 12:56 PM (IST)

मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एचआरटीसी बस के ड्राइवर और कंडक्टर पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना उस वक्त हुई जब बस मंडी बस स्टैंड के पास एक ढाबे पर रुकी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बुधवार को परवाणू डिपो की बस (HP 15B-3378) दिल्ली से मनाली की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस चालक भास्कर गौतम और परिचालक ललित कुमार चाय पीने के लिए मंडी बस स्टैंड के पास एक ढाबे पर रुके। इसी बीच दो युवक बस के भीतर जा घुसे और सो रहे यात्रियों को जगाकर उनसे जबरन आधार कार्ड दिखाने की मांग करने लगे। जब चालक और परिचालक ने युवकों की इस हरकत का विरोध किया, तो युवक आपा खो बैठे और मारपीट पर उतारू हो गए।

आरोपियों ने ड्राइवर-कंडक्टर पर हमला बोल दिया। हाथापाई के दौरान ड्राइवर भास्कर गौतम की वर्दी फाड़ दी गई। वहीं एक आरोपी ने कंडक्टर ललित कुमार के चेहरे पर जोरदार घुंसा मारा, जिससे उनकी बाईं आंख के ऊपर गहरी चोट आई है। हाथापाई के दौरान कंडक्टर का बैग नीचे गिर गया, जिससे टिकट मशीन और नकदी सड़क पर बिखर गई।

चालक की तरफ से घटना की सूचना देने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है। दोनों आरोपी मंडी जिले के ही रहने वाले हैं, जिनकी पहचान सनत शर्मा निवासी जंजैहली और शशि शर्मा निवासी मंडी के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी अपनी 2 अलग-अलग कारों में सवार होकर वहां पहुंचे थे। थाना सदर मंडी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 121(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने घायलों का मेडिकल करवा लिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार सरकारी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि आरोप साबित होते हैं तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News