Bilaspur: अब यू-ट्यूब पर होंगे माता नयना देवी के लाइव दर्शन
punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 07:10 PM (IST)
बिलासपुर (विशाल): डीसी बिलासपुर राहुल कुमार ने सोमवार को श्री नयना देवी जी मंदिर परिसर में आगामी श्रावण अष्टमी मेले को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत विभिन्न ब्रॉडकास्टिंग सेवाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्रों में 3 नई एलईडी डिस्प्ले यूनिट्स का शुभारंभ किया, जिनके माध्यम से जहां श्रद्धालुओं को मां श्री नयना देवी जी के लाइव दर्शन होंगे तो वहीं विभिन्न जानकारियां एवं सूचनाएं भी सांझा की जाएंगी। मंदिर प्रबंधन के इस कदम से श्रद्धालुओं को होने वाली विभिन्न असुविधाओं से राहत मिलेगी तथा मंदिर प्रबंधन की ओर से प्रसारित की जाने वाली सूचनाओं की जानकारी भी सीधे श्रद्धालुओं को उपलब्ध रहेगी।
डीसी राहुल कुमार ने माता श्री नयना देवी जी के यू-ट्यूब लाइव दर्शन का भी शुभारंभ किया। अब श्रद्धालुओं को यू-ट्यूब के माध्यम से भी माता के दर्शन उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सोलर हट्स का भी शुभारंभ किया। सोलर हट्स में जहां श्रद्धालुओं को बैठने की सुविधा मिलेगी तो वहीं मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, पंखे इत्यादि की सुविधा भी रहेगी। इसके अतिरिक्त इन सोलर हट्स के माध्यम से श्रद्धालुओं को वर्षा के दौरान आश्रय की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने बताया कि श्रावण अष्टमी मेलों को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा ऐसे 8 से 10 सोलर हट्स विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे।
डीसी राहुल कुमार ने कहा कि श्री नयना देवी जी उत्तर भारत का प्रसिद्ध शक्तिपीठ है तथा प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु विशेषकर श्रावण अष्टमी मेलों के दौरान माता के दर्शनार्थ मंदिर पहुंचते है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से समय-समय पर अनेक कदम उठाए जाते है जिनमें आज ब्रॉडकास्टिंग सेवाओं का शुभारंभ, यू-ट्यूब लाइव दर्शन तथा सोलर हट्स जैसे प्रयास भी शामिल है। इस अवसर पर एसडीएम श्री नयना देवी जी धर्मपाल सहित मंदिर न्यास के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

