हिमाचल में 3 बच्चों के साथ कोरोना के 19 नए मामले, 39 लोग हुए ठीक

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2020 - 11:02 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना के 19 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से ऊना में 6,  किन्नौर में 4, हमीरपुर में 3, कांगड़ा-चम्बा में 2-2 और सोलन व मंडी जिला में 1-1 मामला सामने आया है। इसके अलावा प्रदेश में आज 39 लोग ठीक भी हुए हैं। इनमें कांगड़ा के 17, हमीरपुर के 9, शिमला और ऊना के 4-4, सोलन और सिरमौर के 2-2 व चम्बा का एक मरीज ठीक हुआ है। प्रदेश में अब कोरोना के कुल मामलों को आंकड़ा 1033 और एक्टिव केस 339 हो गए हैं जबकि 671 लोग अब तक ठीक होकर अपने घर जा चुके है। इसके अलावा प्रदेश में कोरोना से 8 लोग की मौत हो चुकी है।

ऊना में 6 लोग कोरोना पॉजिटिव

ऊना में 6 नए पॉजिटिव मामले पाए गए हैं। पहला पॉजिटिव मामला ऊना शहर के वार्ड नंबर-7 का है। यह 40 वर्षीय व्यक्ति बिहार से लौटा है। दूसरे मामले में उपमंडल अम्ब के घंघरेट का 30 वर्षीय युवक पॉजिटिव पाया गया है जोकि मुंबई से लौटा था। वहीं तीसरा पॉजिटिव मामला भी उपमंडल अम्ब के घंघरेट का है, जहां 63 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाया गया है जोकि मुंबई से लौटा था। उपमंडल गगरेट के गोंदपुर बनेहड़ा में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आकर 34 वर्षीय युवक व गोंदपुर बनेहड़ा में ही अन्य कोरोना पॉजिटिव के संपर्क मे आकर 11 वर्षीय बच्चा संक्रमित हो गया है। एक पुलिस कर्मी भी पॉजिटिव आया है। यह 55 वर्षीय पुलिस कर्मी डीएसपी अम्ब का ड्राइवर हैै। जिला में अब कुल मामलों की संख्या 119 हो गई है।

किन्नौर में प्राइमरी कॉन्टैक्ट सहित 4 लोग कोरोना पॉजिटिव

किन्नौर में सामने आए 4 मामलों में से एक मामला भावानगर पुलिस चौकी के पहले पॉजिटिव आए पुलिस जवान का प्राइमरी कॉन्टैक्ट है। वहीं निचार के 3 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनकी ट्रैवल हिस्ट्री केरल की है। किन्नौर में अब कोरोना के कुल मामले 34 जबकि एक्टिव केस 31 हो गए हैं।

कांगड़ा में युवती सहित 2 कोरोना पॉजिटिव

कांगड़ा जिला में कोरोना के 2 नए मामले सामने आए हैं। कांगड़ा जिला में मैक्लोडगंज की 26 वर्षीय युवती पॉजिटिव पाई गई है जोकि 23 जून को दिल्ली से लौटी है। उक्त युवती तिब्बतियन रिसैप्शन सैंटर में संस्थागत क्वारंटाइन थी। युवती को कोविड केयर सैंटर डाढ शिफ्ट किया जा रहा है। इसके अलावा मैक्लोडगंज में ही 60 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित पाया गया है, जिसे धर्मशाला शिफ्ट किया गया है। कांगड़ा में अब कोरोना के कुल मामले 282 और एक्टिव केस 93 हो गए हैं।

हमीरपुर में 2 बच्चे और एक महिला कोरोना पॉजिटिव

हमीरपुर के गांव कोटि ताल भोरंज की 52 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह 21 जून को अपने पति और बच्चे के साथ पुणे से आई थी तथा गृह संगरोध में थी। 30 जून को उसका सैंपल लिया गया था। इस महिला के अलावा गांव लगमवीं का 2 वर्षीय बच्चा भी पॉजिटिव पाया गया है। वह अपने माता-पिता के साथ दिल्ली से आया था। गांव पंसाई उपमंडल नादौन के 10 वर्षीय बच्चे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वह परिजनों संग गाजियाबाद से आया था और सासन में संगरोध में था। जिला में अब कोरोना के कुल मामले 256 और एक्टिव केस 79 हो गए हैं।

चम्बा में 2, सोलन और मंडी में 1-1 मामला

इसके अलावा चम्बा जिला में नोएडा से लौटा सलूणी का 47 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है जोकि जोकि होम क्वारंटाइन था। वहीं धरभूणी मसरूंद का 50 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उक्त व्यक्ति जोकि पेड क्वारंटान में रह रहा था। चम्बा में अब कोरोना के कुल मामले 54 और एक्टिव केस 7 हो गए हैं। वहीं सोलन जिले के बद्दी में भी एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। यह व्यक्ति यहां एक उद्योग में काम करता है और रैंडम आधार पर इसका सैंपल लिया गया था। सोलन में अब कोरोना के कुल मामले 111 और एक्टिव केस 46 हो गए हैं। वहीं मंडी जिला में गुम्मा क्षेत्र में दिल्ली से लौटी 26 वर्षीय युवती कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। मंडी में अब कोरोना के कुल मामले 34 और एक्टिव केस 10 हो गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News