Kullu: 50 साल बाद बनेगा माता भेखली का नया देव रथ, लकड़ी लाने के लिए सैंकड़ों श्रद्धालु रवाना
punjabkesari.in Saturday, Sep 27, 2025 - 04:14 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): कुल्लू जिले की सारी कोठी की अधिष्ठात्री देवी माता भेखली का 50 वर्षों के बाद नया देव रथ तैयार किया जाएगा। इस पावन कार्य के लिए शनिवार को सैंकड़ों श्रद्धालु देव धुनों और जयकारों के साथ लकड़ी लाने की प्राचीन परंपरा का निर्वहन करने के लिए रवाना हुए। यह भव्य यात्रा माता भेखली के मंदिर से महाराज कोठी के कमांद क्षेत्र के लिए निकली, जहाँ देवता पराशर ऋषि द्वारा रथ निर्माण हेतु लकड़ी प्रदान की जाएगी।
ढोल-नगाड़ों के साथ निकली यात्रा
शनिवार सुबह ढालपुर से होते हुए सैकड़ों श्रद्धालुओं का काफिला कमांद की ओर बढ़ा। इस यात्रा में न केवल माता भेखली के भक्त, बल्कि सारी कोठी के करीब 10 अन्य देवी-देवताओं के हारियान भी अपने पारंपरिक प्रतीक चिन्हों के साथ शामिल हुए। इस दौरान पूरी घाटी देव धुनों से गूंज उठी और माहौल भक्तिमय हो गया।
माता ने फाल्गुन मास में दिया था आदेश
माता के पुजारी राकेश शर्मा ने बताया कि वर्तमान देव रथ लगभग 50 साल पुराना हो चुका है। उन्होंने कहा कि माता ने फाल्गुन मास में अपने हारियानों को नया देव रथ बनाने का आदेश दिया था। तभी से सभी देव परंपराओं का पालन करते हुए निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। अब हजारों की संख्या में श्रद्धालु रथ के लिए लकड़ी लेने गए हैं और रविवार को लकड़ी लेकर वापस मंदिर लौटेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव में है विशेष महत्व
माता भेखली को सारी कोठी की प्रमुख अधिष्ठात्री देवी के रूप में पूजा जाता है और उनका कुल्लू घाटी में विशेष स्थान है। उनकी महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विश्व प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का शुभारंभ भी माता भेखली की हरी झंडी के बाद ही होता है। जब तक माता अपने मंदिर से भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा शुरू करने का आदेश नहीं देतीं, तब तक ढालपुर में रथ यात्रा आगे नहीं बढ़ती। नए देव रथ के निर्माण की खबर से पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।