प्रियंका वाड्रा ने पीएम मोदी काे लिखा पत्र, हिमाचल की आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की उठाई मांग

punjabkesari.in Saturday, Sep 16, 2023 - 12:38 AM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हिमाचल में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित किए जाने का आग्रह किया है। उन्होंने मांग की है कि हिमाचल में आई आपदा को वर्ष 2013 की केदारनाथ त्रासदी की तरह राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए। पीड़ितों व राज्य को आर्थिक मदद पहुंचाई जाए, ताकि हिमाचल के भाई-बहनों को राहत मिले व राज्य का समुचित ढंग से पुनर्निर्माण किया जा सके। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि हिमाचल देवभूमि होने के साथ-साथ सच्चे, सरल और मेहनती लोगों का प्रदेश है। यहां की स्त्रियां, किसान, कर्मचारी, कारोबारी और युवा बहुत परिश्रमी और स्वाभिमानी हैं। राज्य में आई बाढ़ और भूस्खलन से भीषण विनाश हुआ है। 

आपदा में 428 लोगों ने जान गंवाई, 13000 से ज्यादा घरों को नुक्सान
प्रियंका वाड्रा ने पत्र में उल्लेख किया है कि वह बीते दिनों शिमला, कुल्लू, मनाली और मंडी में आपदा पीड़ितों से मिलीं। हर तरफ हुई तबाही देखकर बहुत दुख हुआ। अब तक इस आपदा में 428 लोगों ने जान गंवाई है। कई ऐसे लोग हैं, जिन्होंने अपने सभी परिजन इस आपदा में खो दिए हैं। मृतकों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि राज्य में 16000 से ज्यादा पशु-पक्षी मारे गए हैं, जिनमें 10000 से अधिक पोल्ट्री बर्ड और 6000 से अधिक गाय, भैंसें व अन्य पालतू जानवर हैं। 13000 से ज्यादा घर और मकान पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। शिमला से परवाणू राष्ट्रीय राजमार्ग और कुल्लू-मनाली-लेह राजमार्ग के बड़े-बड़े हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। राज्य की अनेक सड़कें पूर्णतया या आंशिक रूप से टूट चुकी हैं। उन्होंने अंत में लिखा है कि आज पूरा देश आगे बढ़कर हिमाचल के साथ खड़ा हो रहा है। ऐसे में पूरी उम्मीद है कि प्रधानमंत्री भी हिमाचल की जनता के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए मदद के लिए उचित कदम उठाएंगे।

जनता सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी
प्रियंका वाड्रा ने कहा है कि इस तबाही से निपटने के लिए राज्य सरकार अपने स्तर पर हरसंभव प्रयास कर रही है। जनता राज्य सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संकट का सामना कर रही है। कहीं कोई सड़क की मुरम्मत के लिए श्रमदान में जुटा है तो कहीं आपदा प्रभावित लोग, स्कूली बच्चे, किसान आपस में चंदा जुटाकर राहत कार्यक्रमों में मदद कर रहे हैं। 

बागवानों को मुश्किल वक्त में न दें ऐसी चोट
प्रियंका वाड्रा ने पत्र के माध्यम से बागवानों के हितों की भी पैरवी की है। उन्होंने लिखा है कि इस त्रासदी में जब हिमाचल की जनता मदद की उम्मीद में चारों ओर देख रही है, उसी समय केंद्र सरकार द्वारा विदेशी सेब पर आयात ड्यूटी घटाने से हिमाचल के सेब किसानों और बागवानों पर दोहरी आर्थिक मार पड़ेगी। उन्होंने कहा है कि इस मुश्किल वक्त में किसानों व बागवानों को ऐसी चोट नहीं देनी चाहिए। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News