Himachal: बद्दी में 2.23 लाख से अधिक नशीली गोलियां बरामद, UP के 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 10:32 PM (IST)

बीबीएन (ठाकुर): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस और ड्रग विभाग को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। शुक्रवार को बद्दी स्थित सालासर कॉम्प्लेक्स में दोनों विभागों की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित और नशीली दवाइयों का जखीरा बरामद किया है। इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने 2 लाख से अधिक नशीली गोलियां जब्त करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में कुल 2,23,084 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। पकड़ी गई खेप में 1,61,920 गोलियां ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड की और 61,164 गोलियां अल्प्राजोलम (अटरोक्स 0.5) की शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाओं का मिलना इलाके में चल रहे एक बड़े रैकेट की ओर इशारा कर रहा है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से जिन 2 लोगों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान शिव पूजन प्रजापति निवासी उत्तर प्रदेश और अनुराग शुक्ला निवासी कानपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ये दोनों आरोपी बिना किसी वैध लाइसैंस और परमिट के इन प्रतिबंधित दवाइयों का अवैध भंडारण कर रहे थे और गुपचुप तरीके से इनका कारोबार चला रहे थे।

बरामद की गई नशीली दवाइयों को पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, मौके से भारी मात्रा में कुछ अन्य संदिग्ध और अवैध दवाइयां भी मिली हैं। इन दवाओं के संबंध में ड्रग विभाग द्वारा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस बड़ी खेप को पकड़ने के बाद पुलिस ने नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी दी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी नशा तस्कर या अवैध दवा कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा। नशे के खिलाफ यह जीरो टॉलरैंस नीति और ऐसी कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News