Himachal: ट्रक और बाइक में भीषण टक्कर, 2 घरों के बुझे चिराग; पंजाब के रहने वाले थे युवक
punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 10:38 PM (IST)
बीबीएन (शेर सिंह): हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन (बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़) के तहत आने वाले राजपुरा इलाके में एक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक पंजाब के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान गुरसाहेब सिंह (19 ) पुत्र जसविंदर सिंह निवासी गांव भगवंतपुर (जिला रूपनगर, पंजाब) और अमनदीप सिंह (20) पुत्र अमरीक सिंह निवासी गांव खानपुर, तहसील चमकौर साहिब (पंजाब) के रूप में हुई है।
घटनाक्रम के अनुसार नालागढ़ पुलिस थाने को राजपुरा के समीप ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, जहां दोनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिले। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को एंबुलेंस की मदद से स्थानीय अस्पताल पहुंचाया था। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
बद्दी के पुलिस उपाधीक्षक योगराज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब हादसे के कारणों और इससे जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंपने की आगामी कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

