Sirmour: सरकार ने अढ़ाई वर्ष में जनता से वसूला 4,000 करोड़ का टैक्स : बिंदल

punjabkesari.in Monday, May 12, 2025 - 05:08 PM (IST)

नाहन (आशु): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 2022 के चुनाव में वोट लेने के लिए प्रदेश की जनता के लिए आसमान से तारे तोड़कर लाने को तैयार थी, लेकिन अब उसी ने जनता के कपड़े उतारने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को जिले में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्त्ताओं के साथ बैठकों में उन्होंने आरोप लगाया कि विगत अढ़ाई वर्षों में सरकार ने न केवल जिला सिरमौर बल्कि पूरे प्रदेश को नुक्सान पहुंचाया है।

कोई भी वर्ग ऐसा नहीं छूटा, जिसके ऊपर सरकार ने टैक्स न लगाया हो। उन्होंने कहा कि जनता पर टैक्स भी लग रहा है, कर्ज भी लिया जा रहा है, फिर भी माली हालत का हवाला देकर स्कूल, कालेज, अस्पताल, पीएचसी व दफ्तर बंद किए जा रहे हैं। सरकारी विभागों के डेढ़ लाख पदों को समाप्त किया गया। अढ़ाई वर्षों में लगभग 4,000 करोड़ रुपए का टैक्स जनता से वसूला जा चुका है।

उन्होंने कहा कि शहरों में मिलने वाले पानी की दरों में 500 प्रतिशत की बढ़ौतरी कर दी गई। राशन डिपो में मिलने वाले आटे का दाम 3 व चावल का 4.50 रुपए और सरसों के तेल के दाम में 50 रुपए से अधिक की बढ़ौतरी कर दी। कोर्ट फीस व स्टाम्प ड्यूटी पर 500 प्रतिशत तक टैक्स लगाया है और रजिस्ट्री फीस को 50 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News