मुकेश अग्निहोत्री ने उठाया सवाल, बोले-डबल इंजन दौड़ा तो क्यों कर्जे में डूबा हिमाचल?

punjabkesari.in Sunday, Mar 31, 2019 - 10:10 PM (IST)

ऊना: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बताएं कि यदि केंद्र में मोदी और हिमाचल में जयराम सरकार का डबल इंजन दौड़ रहा है तो हिमाचल प्रदेश कर्जे के दलदल में क्यों फंस रहा है? मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए नेता विपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि भाजपा नेता हमेशा जुमले सुनाकर जनता को भ्रमित करने में लगे रहते हैं लेकिन असलियत में जनता को कोई लाभ नहीं पहुंचा पाते हैं। केंद्र व प्रदेश की दोनों सरकारें यह तक नहीं नहीं बता रही हैं कि कितने लोगों को रोजगार दिया? महंगाई कैसे कम क्यों नहीं हुई? जनता पर टैक्स का बोझ क्यों बढ़ाया गया है? गब्बर सिंह टैक्स से व्यापारी क्यों उलझे हैं? नोटबंदी का क्या लाभ हुआ है?

मैं चौकीदार कहने से नहीं धुल जाएंगे पाप

उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकारें इन सवालों के जवाब देने से भाग रही हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने चौकीदार को कटघरे में खड़ा किया है और अब उनसे जवाब देते नहीं बन रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व को समझ लेना चाहिए कि मैं चौकीदार कहने से पाप नहीं धुल जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने जो न्यूनतम आय की बात कही है, उस पर अमल कांग्रेस की सरकार आने पर करेगी। उन्होंने कहा कि न्यूनतम आय हर परिवार को उपलब्ध करवाई जाएगी। सालाना 72000 रुपए हर गरीब के खाते में डालने की बात को भाजपा के नेता इसलिए मजाक में डाल रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि 15 लाख का हिसाब जनता मांग रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जुमले नहीं करेगी, बल्कि सच की राजनीति करेगी।

सुखराम के जाने से भाजपा को पड़ने वाला है फर्क

उन्होंने कहा कि जयराम मंत्रिमंडल के सदस्य का परिवार भाजपा में अनादर व अपमान के चलते कांग्रेस पार्टी में शामिल हुआ है। भाजपा लोकतंत्रिक पार्टी नहीं, बल्कि तानाशाही पार्टी बनकर रह गई है। सुखराम को गले लगाने वाली भाजपा आज यदि सुखराम के जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता, जैसी बातें कर रही है, इससे साफ है कि फर्क पड़ने वाला है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News