बर्फ से लकदक हुए पहाड़, हवाई सेवा पर निर्भर हुए लाहौल वासी

punjabkesari.in Friday, Dec 14, 2018 - 09:37 PM (IST)

मनाली: लाहौल व कुल्लू-मनाली की पहाडिय़ों में हुई बर्फबारी से पहाड़ व वादियां बर्फ  से चमक उठी हैं। बर्फीली वादियों ने देश भर के सैलानियों को कुल्लू मनाली आने का न्यौता दे दिया है। हालांकि शीत मरुस्थल लाहौल घाटी के दीदार तो सैलानी अगले साल ही कर पाएंगे लेकिन लगातार हो रही बर्फबारी से लाहौल घाटी के समस्त पहाड़ बर्फ  से लकदक हो गए हैं। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से मनाली-कुल्लू के पर्यटन व्यवसायियों में कारोबार की उम्मीद बढ़ गई है।

न्यू ईयर-क्रिसमस ईव को कैश करने की तैयारियों में जुटे व्यवसायी

पर्यटन व्यवसायी न्यू ईयर और क्रिसमस ईव को कैश करने की तैयारियों में जुट गए हैं। वीरवार को सभी पहाडिय़ां बर्फ से लकदक हो गईं। मनाली के पर्यटन व्यवसायी शोभा विजय रोकी ने बताया कि ताजा बर्फबारी से पर्यटन कारोबार में बढ़ौतरी की उम्मीद जगी है। उन्होंने बताया कि न्यू ईयर सहित क्रिसमस ईव को लेकर होटलों में सैलानियों के लिए विशेष पैकेज बनाए गए हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर ने कहा कि पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटन कारोबार बेहतर रहेगा।

पर्यटन स्थलों में सैलानियों की उमड़ी भीड़

मौसम साफ  होते ही मनाली के पर्यटन स्थलों में सैलानियों का मेला लग गया है। गुलाबा पर्यटन स्थल हालांकि भारी बर्फबारी के चलते बंद कर दिया गया है, लेकिन पर्यटन स्थल कोठी, सोलांगनाला, फातरु, अंजनी महादेव और हामटा में सैलानी बर्फ  के दीदार को पहुंच रहे हैं। सैलानी सोलंगनाला में साहसिक खेलों का भी आनंद ले रहे हैं।

सर्दियों के लिए बंद हुआ रोहतांग

रोहतांग दर्रे के बंद होने से लाहौल घाटी का कुल्लू से संपर्क कट गया है। लाहौल घाटी के लोग अब पूरी तरह से हवाई सेवा पर निर्भर हो गए हैं। दर्रे में अढ़ाई फुट से अधिक बर्फबारी हुई है, जिससे रोहतांग में बर्फ  के ढेर लग गए हैं। अब दर्रा वाहनों के लिए अगले साल ही बहाल होगा जबकि मौसम साफ  रहने की सूरत में राहगीरों की कदमताल शुरू हो सकती है। इनकी मदद के लिए मढ़ी और कोकसर में अभी भी रैस्क्यू पोस्ट तैनात हैं। मौसम ठीक होते ही लोग पैदल दर्रे को आर-पार कर सकेंगे।

घाटी में फंसे लोगों को शीघ्र मिलेगी हवाई सेवा

कृषि एवं जनजातीय मंत्री डा. राम लाल मारकंडा ने कहा कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही लाहौल घाटी सहित जनजातीय क्षेत्रों में हवाई सेवाएं शुरू करने जा रही है। भुंतर सहित लाहौल के सभी हैलीपैड में कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी है। घाटी में फंसे लोगों को शीघ्र हवाई सेवा द्वारा अपने गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। आपात स्थिति के समय लोगों को रोहतांग टनल से आने-जाने की सुविधा रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News