सहमा गांव! सैंज में दरका पहाड़.. घर छोड़कर भागे लोग, परिवारों ने ली रिश्तेदारों और रेस्ट हाउस में शरण

punjabkesari.in Saturday, Jul 26, 2025 - 12:17 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के सैंज क्षेत्र के दरमेड़ा गांव में एक विशाल भूस्खलन हुआ है, जिससे पूरे इलाके में डर का माहौल है। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरने के बाद गांव के लोगों में दहशत फैल गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, दरमेड़ा गांव के 14 परिवारों के लगभग 60 लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। इन सभी लोगों ने अस्थायी रूप से अपने रिश्तेदारों के घरों में सुरक्षित ठिकाना लिया है।

प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए त्वरित व्यवस्था की है। सैंज के रोपा रेस्ट हाउस में इन विस्थापित परिवारों के ठहरने का इंतजाम किया गया है। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि इन लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। भूस्खलन की सूचना मिलते ही सैंज के तहसीलदार रमेश कुमार और पंचायत प्रधान भगत राम तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और स्थिति की समीक्षा की। प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है और राहत कार्यों में जुटा हुआ है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों से दूर रहें। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी गई है, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके। स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News