हिमाचल में सरकार बसाएगी 3 नए सैटेलाइट शहर, HUDCO और HIMUDA के बीच MoU साइन

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 07:50 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में नियोजित शहरीकरण को नई दिशा देने के लिए बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। प्रदेश में 3 नए सैटेलाइट शहरों के विकास के लिए हिमाचल प्रदेश आवास और शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) और हाऊसिंग एंड अर्बन डिवैल्पमैंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (हुडको) के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। हिमुडा की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव डॉ. सुरेंद्र कुमार वशिष्ठ और हुडको की ओर से क्षेत्रीय प्रमुख नीरज सेठी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

इस समझौते के तहत हिम चंडीगढ़, हिम पंचकूला और कांगड़ा वैली एयरोसिटी का निर्माण किया जाएगा। इन शहरों को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर सतत् विकास के मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इन शहरों के निर्माण में पर्यावरण की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। परियोजना के धरातल पर उतरने से प्रदेश में नए आर्थिक अवसर सृजित होंगे। स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के बड़े अवसर उपलब्ध होंगे।

राजेश धर्माणी ने कहा कि ये परियोजनाएं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की नियोजित शहरीकरण की परिकल्पना को साकार करने में मील का पत्थर साबित होंगी। इनका मुख्य उद्देश्य राज्य में बढ़ते शहरीकरण के दबाव को कम करना और संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा सहित हिमुडा और हुडको के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News