MLA राजेश ठाकुर ने नेता प्रतिपक्ष पर कसा तंज, कहा- अब पता चला CM क्यों जाते हैं दिल्ली

punjabkesari.in Tuesday, Jan 01, 2019 - 10:15 AM (IST)

गगरेट (बृज): स्वां नदी व इसकी सहायक खड्डों के तटीकरण के लिए चल रही परियोजना को केंद्र सरकार द्वारा 105 करोड़ रुपए का बजट और जारी करने पर विधायक राजेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री व केंद्र सरकार का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लगातार प्रदेश में चल रही परियोजनाओं की चिंता कर उन्हें बजट दिलाने के लिए गंभीर प्रयास कर रहे हैं। इसी का नतीजा है कि वर्ष 2017 से बंद पड़ी इस परियोजना को दोबारा चालू करवाया जा सका है। विधायक राजेश ठाकुर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जो सदैव राजनीतिक प्रतिद्वंद्वता के कारण मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के दिल्ली जाने पर तंज कसते रहते हैं उन्हें भी अब पता चल गया होगा कि मुख्यमंत्री दिल्ली क्यों जाते हैं।

उन्होंने पूर्व प्रदेश सरकार पर इस परियोजना को बंद करवाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार इस परियोजना के लिए केंद्र से बजट लाने में नाकाम सिद्ध हुई थी। हालांकि उस सरकार में मंत्री रहे जिला के एक नेता ने अपने विधानसभा क्षेत्र में तटीकरण का कार्य पूरा हो जाने के बाद इस परियोजना की ओर ध्यान नहीं दिया। इसके चलते विधानसभा क्षेत्र गगरेट की तमाम खड्डें बिना तटीकरण के ही रह गई थीं। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती व सांसद अनुराग ठाकुर के साथ इस परियोजना को शुरू करवाने के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष पक्ष रखा था और मुख्यमंत्री के सघन प्रयासों से इस परियोजना का कार्य दोबारा शुरू हो पाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Related News