देश करे बीजेपी से सवाल, कहां आया काला धन, किसको मिले 15 लाख और किन 2 करोड़ बेरोजगारों को मिला रोजगार : राणा

punjabkesari.in Wednesday, Mar 03, 2021 - 04:38 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो): अगर देश की जनता अब भी नहीं जागी तो यह देश सरकार के घातक मंसूबों के चलते बर्बाद हो जाएगा। जनता का सरकार बनाने का मकसद ही तानाशाह बीजेपी सरकार ने गौण करके रख दिया है। सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए यह बात राज्य कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं विधायक राजेंद्र राणा ने यहां जारी प्रैस बयान में कही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की तानाशाही से सरकार बनाने का मकसद खत्म हो चुका है। विपक्ष अगर आवाज उठाता है तो देशद्रोही करार दिया जाता है। किसान अगर सरकारी मनमानी को लेकर अपनी समस्याओं के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं तो उन्हें उपद्रवी करार दिया जा रहा है। तेजी से हो रहे निजीकरण के दौर में रोजगार को खत्म किया जा रहा है। राष्ट्रवाद के नाम पर पूंजीवाद हावी किया जा रहा है। सरकार के सिस्टम में चापलूसों, चाटुकारों व दलालों का बोलबाला बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे सतम्भ मीडिया को भी सत्ता की साजिश के तहत बंधुआ गुलाम की तरह काम करने को मजबूर किया जा रहा है। यह आजाद भारत के इतिहास में पहली बार हो रहा है। जनता अगर आवाज उठा रही है तो उसकी आवाज को एंटीनैशनल बताकर दबाया जा रहा है। सरकारी क्षेत्र में धीरे-धीरे तमाम वैकेंसियां खत्म की जा रही हैं। राष्ट्रवाद को निगलने पर आमादा सरकार देश में अब पूंजीवाद स्थापित करना चाह रही है। धर्म के नाम पर समाज में नफरत फैलाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि हैरानी यह है कि जब इस देश में राष्ट्रपति अब्दुल कलाम जो मुसलमान थे। जब देश के प्रधानमंत्री सरदार मनमोहन सिंह जो सिख कौम से थे, तब हिंदुओं को इस देश में कोई खतरा नहीं था लेकिन अब जब बीजेपी के अनुसार हिंदुओं की सरकार है तो देश के हिंदुओं को हिंदू देश में खतरा बताकर गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज टैक्स का अरबों-खरबों का उगहा जा रहा धन कहां जा रहा है इस बात पर सरकार कोई जवाब नहीं दे पा रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता को अब जागना ही होगा क्योंकि अब बहुत हो गई है मन की बात। अब सरकार काम की बात करे।

उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार खत्म करके देश की 60 फीसदी युवा पीढ़ी को सरकार अराजकता के दौर में धकेल रही है। जबकि फर्जी राष्ट्रवादियों ने जनादेश के दम पर देश को ही ऑन सेल कर डाला है। सदियों की मेहनत से कांग्रेस द्वारा बनाई गई देश की संपत्तियों व परिसंपत्तियों को बेचने का दौर जारी है। फर्जी राष्ट्रवाद में अब देश बिक रहा है। उन्होंने कहा कि अब नेशनल मीडिया के खबरची भी बता रहे हैं कि उन्हें सच दिखाने नहीं दिया जा रहा है। सरकार बताए कि यह सच पर पहरा किस कारण से और कौन लगा रहा है? उन्होंने कहा कि अगर देश की जनता अब भी नहीं जागी तो आने वाली पीढिय़ां हम और आप से यह सवाल पूछेंगी कि देश की तानाशाह सरकार ने जब देश को अघोषित एमरजैंसी में लाकर खड़ा किया था तो हमारी और आपकी आवाज मूक और मौन क्यों रही।

सरकार कहा कि कहां आया काला धन और किसको मिले 15 लाख? 2 करोड़ नौकरियों का कौन लेगा हिसाब? यह ऐसे सवाल हैं जो देश के नागरिकों को भी कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2022 और 2024 में इस तानाशाह का सरकार सूपड़ा साफ हो जाएगा। लॉकडाऊन के दौरान मजदूरों पर लाट्ठियां भांजने वाली सरकार के राज में अब किसानों पर लट्ठ मारने का ऐलान हो रहा है। सरकार अब अपनी हर हद से गुजर चुकी है। जनता पर लगातार महंगाई का दबाव बढ़ाया जा रहा है, ऐसे में अब देश में विस्फोट तय है, जिसकी जिम्मेदार बीजेपी की तानाशाह सरकार होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News