Kangra: पुलिस ने नाकाबंदी पर राेकी स्कॉर्पियो गाड़ी...तलाशी में मिली चरस की खेप, चम्बा के 2 युवक गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 03:28 PM (IST)

नूरपुर: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत नूरपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार 2 युवकों को 200 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार नूरपुर पुलिस की टीम 11 और 12 फरवरी की मध्य रात्रि को गश्त पर थी। इस दौरान भलूण पुल के समीप नाकाबंदी की गई थी। तभी वहां से गुजर रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी (HP-01C-3118) को तलाशी के लिए रोका गया, जिसमें 2 युवक सवार थे। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके भीतर से 200 ग्राम चरस बरामद की।

पुलिस ने मौके पर मौजूद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों की पहचान दिनेश शर्मा उर्फ विक्की और अनिल कुमार के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी जिला चम्बा के निवासी बताए जा रहे हैं। नूरपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

मामले की पुष्टि एसपी नूरपुर ने की है। उन्हाेंने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशा तस्करी या किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जनता का सहयोग अत्यंत अनिवार्य है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News