रोहड़ू मर्डर केस: पुलिस ने जारी की 2 संदिग्धों की तस्वीरें, पब्बर नदी किनारे मिला था नेपाली मजदूर का शव

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 02:42 PM (IST)

Rohru Murder Case: शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों की तस्वीरें सार्वजनिक कर आम लोगों से सहयोग की अपील की है। मामला जांगला क्षेत्र के बडियारा गांव का है, जहां 46 वर्षीय व्यक्ति सेती राम की हत्या कर उसका शव पब्बर नदी किनारे फेंक दिया गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना के दो मुख्य संदिग्धों की तस्वीरें जारी की हैं और उनकी पहचान बताने वालों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।

शराब के नशे में हुई थी आखिरी मुलाकात

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक सेती राम, जो मूल रूप से नेपाल का निवासी था और क्षेत्र में मजदूरी करता था, मंगलवार शाम को अपने कुछ नेपाली साथियों के साथ शराब पीते हुए देखा गया था। बुधवार सुबह सेती राम का लहूलुहान शव मिला था। इन संदिग्धों पर शक है कि इन्होंने पहले सेती राम की हत्या कर दी और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए नदी किनारे फेंक दिया।

पुलिस ने जारी किया संदिग्धों का हुलिया

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, दोनों संदिग्धों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन दोनों संदिग्धों का कद छोटा और रंग सांवला है। इनमें से एक संदिग्ध के बाल लंबे हैं और उसने भूरे रंग की 'हुडी' पहन रखी है।

एसएसपी ने जनता से की ये अपील

मामले की जांच कर रहे डीएसपी प्रणव चौहान और फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य (Evidence) जुटाए हैं। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही हैं। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने जनता से अपील की है कि संदिग्धों के बारे में जानकारी होने पर तत्काल चिरगांव थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर 8894728027 पर संपर्क करें। पुलिस ने विश्वास दिलाया है कि सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News