मंडी पुलिस का बड़ा एक्शन, एक ही दिन में दबोचे 2 उद्घोषित अपराधी, जानें किन मामलाें में थे फरार

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 10:00 PM (IST)

सुंदरनगर (सोढी): जिला मंडी पुलिस की पीओ सैल टीम ने भगौड़ों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में 2 उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार पीओ सैल की टीम ने सुंदरनगर के भोजपुर निवासी शकील अख्तर और सरकाघाट के एक अन्य आरोपी को मंडी शहर के अलग-अलग हिस्सों से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य रूप से सुंदरनगर के भोजपुर का रहने वाला शकील अख्तर शामिल है, जिसे पुलिस ने सेरी मंच मंडी से हिरासत में लिया। 

शकील अख्तर पर चैक बाऊंस और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज थे। वह सुंदरनगर थाना में एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत दर्ज मामले में साल 2023 से फरार चल रहा था, जिसके चलते अदालत ने उसे भगौड़ा घोषित किया था। इसके अलावा उसके खिलाफ जंजैहली थाना में धोखाधड़ी और साजिश रचने का मामला दर्ज है, जिसमें हाल ही में जनवरी 2026 में उसे अपराधी घोषित किया गया था। साथ ही बल्ह थाना के एक पुराने धोखाधड़ी के मामले में भी वह लंबे समय से वांछित था। 

वहीं दूसरे मामले में पुलिस टीम ने जेल रोड मंडी से विनोद कुमार उर्फ अर्जुन को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी सरकाघाट के बदरेशा गांव का रहने वाला है। इसके खिलाफ सरकाघाट थाना में धोखाधड़ी और अदालत के आदेशों की अवहेलना करने के मामले दर्ज थे। उसे पिछले वर्ष जून में अदालत द्वारा उद्घोषित अपराधी करार दिया गया था। एसपी विनोद कुमार ने उद्घोषित आरोपियों की धरपकड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News