पन्ना प्रमुख सम्मेलन में हुआ सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग: अग्निहोत्री

punjabkesari.in Saturday, Dec 08, 2018 - 10:23 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन के बहाने सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। यहां जारी अपने वक्तव्य में नेता विपक्ष ने कहा कि जयराम ठाकुर घुमंतू के रूप में हैलीकाप्टर से सैर सपाटा कर रहे हैं। पॉलीटिकल एजैंडा सैट करने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। भाजपा कार्यक्रमों को करने के लिए सरकारी कार्यक्रम रखे जा रहे हैं। प्रदेश में 50 हजार करोड़ का कर्जा हो गया है। सरकारी खर्चों पर कोई लगाम नहीं कसी जा रही है। अब एक हैलीकाप्टर से नहीं बल्कि 2-2 हैलीकाप्टर लेने की बात हो ही है। सड़क मार्ग पर चले हुए मुख्यमंत्री को काफी मुद्दत हो गई है।

अपने आपको मुख्यमंत्री के तौर पर ही साबित करने में लगे हुए जयराम

जयराम अभी अपने आपको मुख्यमंत्री के तौर पर ही साबित करने में लगे हुए हैं। केंद्र सरकार से कोई भी आर्थिक पैकेज नहीं मिला है जबकि 11 महीनों में 50 से अधिक चक्कर दिल्ली के लगा चुके हैं। सरकार ने पहले बजट में ही 30 से अधिक योजनाओं को लागू करने की बात कही थी लेकिन इनका कार्य भी अधर में लटका हुआ है। घोषणाओं पर अमल नहीं हो रहा है। उन्होंने जनमंच को भी सरकारी खजाने पर बोझ करार देते हुए कहा कि इससे लोगों को लाभ नहीं मिल रहा बल्कि सरकारी विभागों के काम रोके जा रहे हैं। हर माह 2 लाख रुपए का खर्चा इन्हीं जनमंच कार्यक्रमों पर खर्च किया जा रहा है। 

भाजपा अपने स्तर पर जश्न नहीं मना पा रही 

नेता विपक्ष ने एक वर्ष का जश्न मनाने के बहाने सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। भाजपा अपने स्तर पर जश्न नहीं मना पा रही है। ऐसे में इसे सरकारी तौर पर मनाए जाने की तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न विभागों को लोग लाने के लिए टारगेट दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 5 राज्यों के विस चुनाव परिणामों से भाजपा की पोल खुल जाएगी और कांग्रेस जोरदार तरीके से अपनी वापसी करेगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का ग्राफ बढ़ रहा है जबकि केंद्र सरकार की पोल बुरी तरह से खुल रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News