मैदानी क्षेत्रों में गर्मी दिखाने लगी तेवर, ऊना में पारा 37 डिग्री के पार

punjabkesari.in Sunday, Apr 15, 2018 - 11:10 PM (IST)

पालमपुर/शिमला: रविवार को सूर्य ने एक बार फिर अपनी तपिश दिखाई। राज्य में तापमान में फिर एकाएक बढ़ौतरी दर्ज की गई है। मैदानी क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों की अपेक्षा तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। रविवार को ऊना 37.2 डिग्री सैल्सियस के साथ प्रदेश का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा जबकि बिलासपुर में भी पारा बढ़कर 34.3 डिग्री सैल्सियस जा पहुंचा। हमीरपुर में तापमान 35.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया तो कांगड़ा में 32.9 डिग्री के साथ लोगों ने तपिश अनुभव की। सुंदरनगर में भी तापमान 32.5 डिग्री दर्ज किया गया जबकि भुंतर में 31.6, चम्बा में 30.8 तथा नाहन में 30.4 अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। शिमला में 24 डिग्री सैल्सियस तापमान रहा तो धर्मशाला में 28.2 डिग्री सैल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अनेक स्थानों पर हो रही वर्षा तथा ऊपरी क्षेत्रों में हिमपात के पश्चात तापमान में कमी दर्ज की गई थी परंतु रविवार को एक बार फिर पारे में उछाल आया। 
PunjabKesari

पर्यटकों ने किया पहाड़ों का रुख
वहीं क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी के चलते काफी संख्या में पर्यटक पहाड़ों की ओर रुख करने लगे हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्यटन विभाग ने तैयारियां कर ली हैं। शिमला व आसपास के पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार हो गए हैं। इस बार पर्यटकों की आवाजाही समय से पूर्व शुरू हो गई थी। इसके अलावा प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों पर भी दिनोंदिन पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। गुजरात से इन दिनों काफी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंच रहे हैं। इसके अलावा पड़ोसी राज्यों पंजाब व हरियाणा से भी पर्यटक शिमला आ रहे हैं।  


होटलों में एडवांस बुकिंग  
होटलों में एडवांस बुकिंग का दौर शुरू हो गया है, ऐसे में आने वाले दिनों में पर्यटकों की आमद और अधिक होने की उम्मीद है। शिमला के कई होटलों में बुकिंग के लिए कॉल्स आ रही हैं। हिमाचल प्रदेश में समर सीजन 30 जून तक जारी रहता है। उधर, जाखू रोप-वे में सफर करने को लेकर पर्यटकों में काफी क्रेज दिखने को मिल रहा है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News