MC Election : CM वीरभद्र ने होली लॉज में बनाई रणनीति, दिए ये निर्देश

punjabkesari.in Sunday, Jun 11, 2017 - 11:56 PM (IST)

शिमला: नगर निगम शिमला के चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी मोर्चा संभाल लिया है। सूत्रों के अनुसार इसी कड़ी में रविवार को उन्होंने अपने निजी आवास होली लॉज में पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके साथ ही कई वार्डों के वरिष्ठ कार्यकर्ता भी बैठक में मौजूद रहे। कई दौर तक चली बैठक में मुख्यमंत्री ने नेताओं व समर्थकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। इस अवसर पर उन्होंने नगर निगम चुनावों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी मिलजुलकर काम करें ताकि नगर निगम शिमला में कांग्रेस का प्रभुत्व बना रहे। 

कांग्रेस-भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बने चुनाव
भले ही नगर निगम चुनाव पार्टी चुनाव चिन्ह पर नहीं हो रहे हैं लेकिन फिर भी यह चुनाव कांग्रेस और भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बने हुए हैं क्योंकि दोनों ही दलों ने पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है, साथ ही दोनों ही दलों के बड़े-बड़े नेता पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ही जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रचार में जुटे हुए हैं। 

वीरभद्र-धूमल भी करेंगे प्रचार
आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह स्वयं भी प्रचार के लिए मैदान में उतर सकते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री शिमला के विभिन्न स्थानों पर वार्ड सभाएं कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार नगर निगम चुनाव के चलते मुख्यमंत्री ने अपने आगामी कुछ दिनों के कार्यक्रमों को भी स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल भी प्रचार में उतर सकते हैं।

विक्रमादित्य सिंह की फौज भी मैदान में उतरी
युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने शिमला एम.सी. चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने के लिए युकां पदाधिकारियों की ड्यूटियां तय कर दी हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तुरंत अपने-अपने वार्डों में जाकर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए टीम के साथ प्रचार में जुट जाएं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News