शिमला के विकास के लिए केंद्र सरकार से बजट लाएगी भाजपा : जयराम

punjabkesari.in Saturday, Apr 29, 2023 - 11:29 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि शिमला के विकास के लिए भाजपा केंद्र सरकार से बजट लाएगी। उन्होंने नगर निगम चुनाव के लिए प्रचार करते हुए कहा कि शिमला में भाजपा सरकार की तरफ से करवाए जाने वाला विकास साफ नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला में आग लगने की घटना के समय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह वोट मांग रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे में मुख्यमंत्री को आईजीएमसी में होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाली कांग्रेस सरकार सत्ता में आने के बाद अव्यवस्था परिवर्तन कर रही है। इससे आम आदमी की परेशानी बढ़ रही है। 

एक-एक करके झूठी निकल रही कांग्रेस की सभी 10 गारंटियां 
जयराम ने आरोप लगाया कि सरकार ने ओपीएस के मामले पर कर्मचारियों को उलझाकर रख दिया है। इसके अलावा महिलाओं को 1500 रुपए देने और प्रदेश के लोगों को 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वायदा झूठा निकला। इस तरह एक-एक करके कांग्रेस की सभी 10 गारंटियां झूठी निकल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में रहते हुए प्रदेश में विकास कार्यों की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि भाजपा शिमला नगर निगम क्षेत्र में और स्थान चयनित करके रैन बसेरा और लेबर होस्टल बनाने का प्रयास करेगी, जिसमें दिहाड़ीदारों और मजदूरों को आश्रय मिल सकेगा। इसके अलावा शहर में अलग-अलग स्थानों पर मैरेज पैलेस (शादी घरों) का निर्माण किया जाएगा। 

भाजपा और कांग्रेस के बीच अंतर समझती है जनता : राजीव बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा है कि जनता भाजपा और कांग्रेस के बीच अंतर समझती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव के लिए प्रचार करते हुए दावा किया कि जनता भाजपा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि अगर सच में कोई विकास कर सकता है तो वह केवल भारतीय जनता पार्टी कर सकती है। भाजपा शिमला की सफाई, पानी और बिजली की व्यवस्था को सुधारेगी। 

झूठ की राजनीति लंबे समय तक नहीं चलती : सुरेश कश्यप
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कांग्रेस पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झूठ की राजनीति लंबे समय तक नहीं चल सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता में झूठ बोलकर आई है तथा अब जनता गुमराह होने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक विभाजित राजनीतिक दल है और उसका एक बहुत बड़ा स्वरूप इन नगर निगम चुनाव में देखने को मिला है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News