चंबा में भयानक लैंडस्लाइड, ताश के पत्तों की तरह दरक गई पहाड़ी, रोंगटे खड़े कर देगा वीडियो
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 10:35 AM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक भयानक लैंडस्लाइड की खबर सामने आई है। चुराह उपमंडल के बघेईगढ़–चांजू सड़क मार्ग पर चुरसियो के पास अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ ने बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लैंडस्लाइड होने से कुछ देर पहले ही पहाड़ी से छोटे-छोटे पत्थर गिरने शुरू हो गए थे। खतरे को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत समझदारी दिखाई और सड़क के दोनों ओर वाहनों को रुकवा दिया। अगर समय रहते ट्रैफिक न रोका जाता, तो मलबे की चपेट में आने से कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
सोशल मीडिया पर इस घटना का एक 45 सेकंड का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे शुरुआत में हल्के पत्थर गिरते हैं और फिर पलक झपकते ही पूरी पहाड़ी ताश के पत्तों की तरह ढह जाती है। भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें सड़क को ब्लॉक करते हुए सीधे नीचे गहरी खाई में जा गिरीं।
राहत कार्य और प्रशासन की अपील
लैंडस्लाइड की वजह से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है और वाहनों की आवाजाही ठप है। लोक निर्माण विभाग (PWD) और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। भारी मशीनों की मदद से मलबे को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे फिलहाल बघेईगढ़–चांजू मार्ग पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

