मातम में बदलीं खुशियां! बेटे के जन्मदिन से पहले लेंटर से गिरकर पिता की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 11:35 AM (IST)
Chamba News : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बेटे के जन्मदिन की तैयारियों में जुटा एक परिवार चंद घंटों में ही गहरे शोक में डूब गया। दरअसल, घर में लेंटर से गिरने के कारण पिता की मौत हो गई, जिससे घर की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के मुकाबिक, हादसा जिले के चुराह क्षेत्र के गांव शालूई का है। मृतक की पहचान गांव शालूई टिकरीगढ़ निवासी जान मोहम्मद (38), पुत्र रमजान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जान मोहम्मद शनिवार को अपने घर के काम में व्यस्त थे। इसी दौरान वह अचानक लेंटर से नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृतक घोषित कर दिया। वहीं, रविवार दोपहर बाद मृतक को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
गांव में शोक की लहर
बताया जा रहा है कि रविवार को जान मोहम्मद के बेटे जाहिद खान का जन्मदिन था। घर में शाम को जन्मदिन मनाने के लिए सभी तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई थीं। बच्चों ने अपने पिता के साथ जन्मदिन मनाने के सपने देखे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बता दें कि जान मोहम्मद अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जान मोहम्मद परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए दिन-रात मेहनत करते थे। उनकी मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर है।

