चंबा में सनसनी: 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, नशे के अत्यधिक ओवरडोज की आशंका
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 06:07 PM (IST)
Chamba News : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक तौर पर नशे के अत्यधिक ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फोरैंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के ग्राम पंचायत भलेई के अंतर्गत आते चरोटी गांव का है। घटना बीती रात करीब 1:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि घटना का आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसे नशे की अत्यधिक ओवरडोज़ से जोड़कर देखा जा रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं और दावे किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने आम जनता से संयम बरतने की अपील की है।

