मनाली में रेस्टोरेंट की रसोई में लगी भीषण आग...मची अफरा-तफरी; 5 लाख का नुकसान
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 04:32 PM (IST)
Manali News : मनाली माल रोड के रेस्तरां में शुक्रवार शाम आग लग गई। इससे माल रोड में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अग्निशमन विभाग मनाली के प्रभारी शरणपत विष्ट ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। भवन मालिक को लगभग 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। डी.एस.पी. मनाली के.डी. शर्मा ने बताया कि मनाली के रामबाग चौक के समीप स्थित पांच मंजिला भवन के प्रथम तल पर अचानक आग लगने की घटना सामने आई।
डीएसपी ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही पुलिस, प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और संयुक्त प्रयासों से आग पर शीघ्रता से काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि यह भवन मनाली निवासी विजय सोहेल का है, जो उन्होंने किराए पर दिया है। भवन के प्रथम तल पर स्थित नागपाल रैस्टोरेंट के रसोईघर (किचन) में अचानक आग लग गई। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

