मनोहर हत्याकांड : चम्बा में जन आक्रोश रैली, सलूणी में धारा-144 तोड़ने की चेतावनी

punjabkesari.in Wednesday, Jun 21, 2023 - 10:49 PM (IST)

चम्बा (काकू चौहान): देवभूमि क्षत्रिय संगठन ने जहां सलूणी में लागू धारा-144 को तोड़ने की चेतावनी दे डाली है, वहीं वीरवार को जिला मुख्यालय चम्बा में भी एक जन आक्रोश रैली होगी। यहां सैंकड़ों लोगों के जुटने की संभावना है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस की कड़ी परीक्षा होगी। देवभूमि क्षत्रिय संगठन के संयोजक रूमित सिंह ठाकुर ने बुधवार को अपने फेसबुक के माध्यम से सलूणी में धारा 144 तोड़ने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि वीरवार को वह कार्यकत्र्ताओं के साथ मनोहर के परिजनों से मिलने उनके घर जाएंगे। सभी कार्यकर्ता सुबह साढ़े 11 बजे बाथरी-कोटी-लंगेरा मार्ग पर गोली में एकत्रित होंगे। इस मार्ग पर लगे बैरिकेट्स को तोड़ते हुए आगे कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि उपमंडल सलूणी में इस समय धारा-144 लागू है। इसके बावजूद वह हर हाल में पीड़ित परिवार से मिलेंगे। 

ये है मामला 
जिला चम्बा की भांदल पंचायत का युवक मनोहर 6 जून को लापता हो गया था। 9 जून को उसका शव नाले में क्षत-विक्षत मिला था। इसके बाद उसकी निर्मम हत्या की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोग भड़क उठे। लोगों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिए। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर किहार थाने का घेराव कर दिया। पूरे जिले में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। गुस्साई भीड़ ने आरोपियों के घरों तक को जला डाला। हालात बिगड़ते देख पुलिस को उपमंडल सलूणी में धारा-144 लागू करनी पड़ी। इसके बाद तनावपूर्ण बने हालत पर कुछ हद तक नियंत्रण पाया। पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा है। मामले की जांच जारी है। 

वीरवार को बंद रहेंगे बाजार
उधर, विश्व हिंदू परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष डाॅ. केशव ने बताया कि वीरवार को जिला मुख्यालय चम्बा में एक जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी। यह रैली संघणी हत्याकांड संघर्ष समिति के बैनर तले निकाली जाएगी। इसमें जिला भर के लोग जुटेंगे। उन्होंने कहा कि रैली के बाद डीसी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर वीरवार को जिला भर में बाजार भी बंद रहेंगे। सभी व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे।  

पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए : एसपी
एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने कहा कि पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अतिरिक्त सुरक्षा बल पहले से तैनात है। लॉ एंड ऑर्डर को मैंटेन किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भी पुलिस की पूरी तैयारियां हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News