मंडी नगर निकाय चुनाव: दोपहर 1 बजे तक 52.46% मतदान, सुंदरनगर में ट्रांसजेंडर मतदाता ने भी डाला वोट

punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 02:03 PM (IST)

मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में 7 शहरी स्थानीय निकायों में चल रहे चुनावों में मतदाताओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। लोकतंत्र के इस पर्व में आधी आबादी यानी महिलाएं मतदान के मामले में पुरुषों को पछाड़ती नजर आ रही हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार दोपहर 1 बजे तक जिले में औसतन 52.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। 

लोकतंत्र के इस पर्व में महिलाओं की भागीदारी चर्चा का विषय बनी हुई है। दोपहर 1 बजे तक जहां 52.03% पुरुष मतदाताओं ने अपने वोट डाले, वहीं महिला मतदाताओं का प्रतिशत 52.87% रहा। इसके अलावा इस चुनाव की सबसे खूबसूरत तस्वीर नगर परिषद सुंदरनगर से सामने आई। यहां वोटर लिस्ट में शामिल एकमात्र ट्रांसजेंडर मतदाता ने भी दोपहर 1 बजे से पहले अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोकतंत्र में अपनी अहम भागीदारी सुनिश्चित की।

रिवालसर और करसोग में बंपर वोटिंग
छोटे नगर निकायों में मतदान की रफ्तार बड़े शहरों के मुकाबले ज्यादा तेज है। दोपहर 1 बजे तक के ताजा आंकड़ों के मुताबिक नगर पंचायत रिवालसर में सबसे अधिक 63.06% मतदान हुआ है। इसके ठीक पीछे नगर पंचायत करसोग है, जहां 62.99% मतदाताओं ने 1 बजे तक ही अपने वोट डाल दिए। वहीं, नगर निगम मंडी में अभी तक मतदान का आंकड़ा 49.90% तक ही पहुंच पाया है। जिले के कुल 63,086 पंजीकृत मतदाताओं में से 33,092 लोग दोपहर 1 बजे तक अपना वोट डाल चुके थे।

किस निकाय में 1 बजे तक कितना हुआ मतदान?
नगर पंचायत रिवालसर: 63.06% (923 में से 582 वोट)
नगर पंचायत करसोग: 62.99% (1,359 में से 856 वोट)
नगर परिषद नेरचौक: 59.80% (6,859 में से 4,102 वोट)
नगर परिषद जोगिंद्रनगर: 57.66% (4,041 में से 2,330 वोट)
नगर परिषद सरकाघाट: 54.52% (3,771 में से 2,056 वोट)
नगर परिषद सुंदरनगर: 50.77% (16,889 में से 8,574 वोट)
नगर निगम मंडी: 49.90% (29,244 में से 14,592 वोट)

शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा मतदान
प्रशासन के अनुसार सभी सात शहरी निकायों में मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी हुई हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि शाम तक मतदान प्रतिशत का आंकड़ा काफी ऊपर जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News