मंडी नगर निकाय चुनाव: सुबह 11 बजे तक 33.59% मतदान, रिवालसर और करसोग में सबसे ज्यादा उत्साह
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 12:32 PM (IST)
मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में हो रहे शहरी स्थानीय निकाय (नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत) के चुनावों में मतदाताओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त मंडी द्वारा जारी की गई आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार सुबह 11 बजे तक जिले के सभी 7 शहरी निकायों में औसतन 33.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

आंकड़ों के अनुसार मंडी जिले के इन 7 निकायों में कुल 63,086 मतदाता (31,154 पुरुष और 31,932 महिलाएं) पंजीकृत हैं। सुबह 11 बजे तक इनमें से कुल 21,193 मतदाता अपना वोट डाल चुके हैं। शुरुआती घंटों के रुझान में पुरुष मतदाता वोट डालने में महिलाओं से थोड़ा आगे चल रहे हैं। 31,154 में से 10,827 पुरुषों ने वोट डाला (34.75%) है, जबकि 31,932 में से 10,366 महिलाओं ने वोट डाला (32.46%) है।
रिवालसर में सबसे तेज, सुंदरनगर में सबसे धीमी वोटिंग
मतदान प्रतिशत पर नजर डालें तो नगर पंचायत रिवालसर और करसोग के मतदाता सबसे ज्यादा जागरूक नजर आए। रिवालसर में 11 बजे तक सर्वाधिक 42.15% वोटिंग हो चुकी थी। इसके विपरीत नगर परिषद सुंदरनगर में मतदान की रफ्तार सबसे धीमी (31.81%) रही। नगर निगम मंडी में भी 11 बजे तक 31.91% ही मतदान हुआ है।

