Mandi: बाढ़ प्रभावितों की हरसंभव सहायता की जाएगी : राज्यपाल
punjabkesari.in Saturday, Aug 02, 2025 - 10:34 PM (IST)

मंडी (रजनीश): राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने शनिवार देर सायं मंडी जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जिला प्रशासन के साथ एक बैठक भी की और स्थिति की जानकारी ली। राज्यपाल ने जेल रोड के समीप तुंगल कालोनी का दौरा किया, जो इस आपदा से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक है। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और उनका कुशलक्षेम जाना।
राज्यपाल ने जनहानि और संपत्ति के नुक्सान पर गहरा दुःख व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि प्रशासन द्वारा उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। राज्यपाल ने राहत कार्यों की समीक्षा भी की और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहायता कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न हो। मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने राज्यपाल को जिले में चल रहे राहत और पुनर्वास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
राज्यपाल ने पंचायत भवन का दौरा भी किया, जहां प्रभावित परिवारों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से संवाद किया और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इससे पूर्व राज्यपाल ने पड्डल स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु गोबिंद सिंह जी में उस शोकाकुल परिवार से भेंट की, जिसने इस आपदा में अपने 3 परिजन खो दिए।