Mandi: आपदा में भ्रष्टाचार की सीमाएं लांघ गए कांग्रेसी : जयराम

punjabkesari.in Sunday, Aug 17, 2025 - 07:15 PM (IST)

मंडी (रजनीश): प्राकृतिक आपदा की तरह व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाली कांग्रेस सरकार भी एक आपदा है तथा इस आपदा में सभी कांग्रेसी भ्रष्टाचार की सीमाएं लांघ गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान धर्मपुर और चोलथरा में कहा कि दिसम्बर, 2022 से कांग्रेस सरकार आपदाएं साथ लेकर आई है। जहां महेंद्र सिंह ठाकुर छोड़कर गए हैं आज धर्मपुर वहीं खड़ा है। जयराम ने कहा कि मैं सुन रहा हूं यहां भी कांग्रेस के विधायक ने अढ़ाई साल में ही करोड़ों रुपए की कोठी बना ली। ये जनाब भी बहुत जल्दबाजी में हैं और यह भी एक आपदा है। इसके अलावा मेरे यहां भी एक नेता हैं जो पंचायत का प्रतिनिधि तक नहीं है, लेकिन सुक्खू की सरकार में एक नहीं 3 जगह कोठियां बना लीं।

जयराम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में सब तरफ लूट चली हुई है जिसमें ऊपर से लेकर नीचे तक सब शामिल हैं। हमारे यहां एक नेता एक टैंडर के लिए लड़ाई-झगड़े तक उत्तर आया है और मुख्यमंत्री का मित्र बताकर अधिकारियों को धमका रहा है। जयराम ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भी सिर्फ मित्रों को पाल रहे हैं। मित्र कहीं नाराज न हो जाएं उसकी उन्हें बड़ी चिंता होती है, भले ही जनता तकलीफ में रहे लेकिन मित्रों को आंच नहीं आनी चाहिए।

पेखूबेला सोलर प्रोजैक्ट बना भ्रष्टाचार का अड्डा
जयराम ने कहा कि सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार फलफूल रहा है। पेखूबेला सोलर प्रोजैक्ट भ्रष्टाचार का अड्डा है, आजकल बाढ़ में डूब गया है। एक ईमानदार इंजीनियर विमल नेगी की बलि इस प्रोजैक्ट में उपजे भ्रष्टाचार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 2023 की आपदा से अभी तक 5000 करोड़ से अधिक की राशि केंद्र से आपदा प्रबंधन के लिए मिली लेकिन फिर भी मुख्यमंत्री कहते हैं कुछ नहीं मिला। इस मौके पर पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर, भाजपा सह मीडिया प्रभारी एवं धर्मपुर से प्रत्याशी रहे रजत ठाकुर और भाजपा नेत्री बंदना गुलेरिया भी उपस्थित रही।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News