Manali Winter Carnival: कड़ाके की ठंड में मनाली का 'पारा' हुआ हाई, मालरोड पर 1500 महिलाओं ने एकसाथ डाली 'महानाटी'
punjabkesari.in Wednesday, Jan 21, 2026 - 06:46 PM (IST)
मनाली (सोनू): राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल के दूसरे दिन पर्यटन नगरी मनाली का मालरोड हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति और नारी शक्ति के अद्भुत संगम का गवाह बना। बुधवार को राइट बैंक के 162 महिला मंडलों की लगभग 1500 महिलाओं ने कड़ाके की ठंड की परवाह किए बिना पारंपरिक कुल्लवी परिधानों में जब सामूहिक 'महानाटी' प्रस्तुत की, तो देश-विदेश से आए सैलानी मंत्रमुग्ध हो गए।
पारंपरिक वेशभूषा ने मोहा मन
महानाटी के दौरान मनाली की संस्कृति अपने पूरे शबाब पर नजर आई। महिलाएं काले रंग के फूल वाले पट्टू, चांदी की बूमणी, चंद्रहार, पांजेब, सोने के लॉकेट और सिर पर लाल रंग का ढाठू (पारंपरिक स्कार्फ) पहने हुए थीं। रामबाग चौक से लेकर दुर्गा मंदिर तक महिलाओं की लंबी कतारों ने मालरोड को एक सांस्कृतिक गलियारे में बदल दिया। दोपहर साढ़े 11 बजे जैसे ही पारंपरिक वाद्ययंत्रों, ढोल-नगाड़ों और शहनाई की धुन बजी, पूरा मालरोड थिरक उठा। पर्यटकों ने इस ऐतिहासिक पल को अपने कैमरों में कैद किया, वहीं कई सैलानी खुद को रोक नहीं पाए और महिलाओं के साथ ताल से ताल मिलाते नजर आए।

नृत्य के साथ सामाजिक संदेश
यह महानाटी केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसके जरिए समाज को जागरूक करने का प्रयास भी किया गया। लोक नृत्य के माध्यम से महिलाओं ने 'पेड़ लगाओ, स्वच्छ हिमाचल बनाओ', 'महिला सशक्तिकरण' और 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए।
लाखों के ईनाम की घोषणा
विंटर कार्निवाल कमेटी के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा ने बताया कि इस महानाटी को प्रतियोगिता के रूप में आयोजित किया जा रहा है। 23 जनवरी को अब लैफ्ट बैंक की महिलाएं अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता के अंत में दोनों समूहों (राइट और लैफ्ट बैंक) में से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 1 लाख रुपए और उपविजेता टीम को 50000 रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
विधायक ने की नारी शक्ति की सराहना
कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने महिलाओं के जज्बे की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि महिला मंडल ही इस विंटर कार्निवाल की असली शान हैं। उनके बिना इस उत्सव की कल्पना भी नहीं की जा सकती। आज की महानाटी पर्यटन और संस्कृति के मिलन का बेहतरीन उदाहरण है।

