Kullu: मनाली की सड़कों पर ''टशन'' दिखाना पड़ा महंगा, पुलिस ने ऐसे निकली THAR वाले की ''हेकड़ी''

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 05:07 PM (IST)

कुल्लू/मनाली (संजीव): पर्यटन नगरी मनाली में जहां एक ओर सैलानियों की भारी भीड़ बर्फीली वादियों का लुत्फ उठा रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ पर्यटक यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए हुड़दंग मचा रहे हैं। हालांकि पुलिस ऐसे हुड़दंगबाजाें काे समय-समय पर सबक भी सिखा रही है, लेकिन फिर भी वे बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मनाली में सामने आया है। यहां पंजाब से आए एक थार चालक को टशन दिखाना भारी पड़ गया।

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर छाने और सड़कों पर धौंस जमाने के चक्कर में एक काले रंग की थार जीप के मालिक ने अपनी गाड़ी की पिछली नंबर प्लेट से रजिस्ट्रेशन नंबर हटाकर बड़े-बड़े अक्षरों में 'GHUMAAN' लिखवा रखा था। जैसे ही यह गाड़ी मनाली की सड़कों पर निकली, गश्त कर रही पुलिस की नजर उस पर पड़ गई। ट्रैफिक नियमों की उल्लंघन पर मनाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी को रोका। पुलिस ने कानून की अनदेखी करने पर सख्त रुख अपनाते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन का 3500 रुपए का चालान काटा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नंबर प्लेट के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ करना या उस पर नंबर के अलावा कुछ भी लिखना एक दंडनीय अपराध है।

डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नंबर प्लेट पर रजिस्ट्रेशन नंबर के अलावा कुछ भी लिखना पूरी तरह अवैध है। उन्होंने पर्यटकों को सख्त हिदायत दी कि वे नियमों का पालन करें अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे देवभूमि की शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। रील बनाने या दिखावे (टशन) के चक्कर में नियमों को न तोड़ें। पुलिस ने यह भी साफ किया है कि सीसीटीवी कैमरों और लगातार गश्त के जरिए ऐसे बिगड़ैल चालकों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News