Champai Soren Grandson Death: दवा खाने के बाद बिस्तर से नीचे गिरे वीर...मुंह से निकल रहा था झाग; पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 02:12 PM (IST)

हिमाचल डेस्क: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के पोते वीर सोरेन की मनाली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। वीर अपने दोस्तों के साथ मनाली घूमने आए थे, लेकिन मंगलवार को उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद से ही इस पूरे मामले को लेकर पुलिस गहन जांच-पड़ताल कर रही है।

दोस्तों के साथ मनाली घूमने आया था वीर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन चार दिन पहले ही अपने दोस्तों के साथ मनाली पहुंचे थे। मंगलवार सुबह स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण वह अपने दोस्तों के साथ घूमने नहीं गए और होम-स्टे में ही रुक गए थे। दोपहर को जब उनके दोस्त वापस लौटे, तो वीर ने उन्हें सिरदर्द की शिकायत की। इसके बाद दोस्तों ने ऑनलाइन दवा मंगवाई। दवा लेने के बाद वह सोने चले गए, लेकिन कुछ देर बाद कमरे से किसी चीज के गिरने की आवाज आई। जब दोस्त कमरे के अंदर गए, तो उन्होंने वीर को बिस्तर से नीचे गिरे हुए पाया और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। उन्हें तुरंत मनाली के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पोस्टमार्टम से परिजनों का इनकार

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन मनाली पहुंचे। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पोते के शव को अपने साथ ले जाने की इच्छा जताई। पूर्व सीएम एक निजी हेलीकॉप्टर से मनाली पहुंचे थे और उसी के जरिए शव को अपने पैतृक स्थान के लिए रवाना हुए।

जांच में जुटी पुलिस

मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में वीर सोरेन के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुरोध पर पोस्टमार्टम नहीं करवाया गया है, लेकिन मामले में अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। फिलहाल, पुलिस मृतक के दोस्तों के बयानों को खंगाल रही है और इस बात की भी जांच की जा रही है कि ऑनलाइन मंगवाई गई दवा कौन सी थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News