Kullu: खेलो इंडिया विंटर गेम्स में हिमाचल का ऐतिहासिक प्रदर्शन, 14 मैडल जीतकर देशभर में पाया दूसरा स्थान

punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 07:57 PM (IST)

मनाली (सोनू): खेलो इंडिया विंटर गेम्स के चौथे संस्करण में हिमाचल प्रदेश की टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक जीतकर देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। प्रतियोगिता के 4 दिन चले मुकाबलों में हिमाचल के खिलाड़ियों ने बर्फ की वादियों में अपना दमखम दिखाया। सेना की टीम 23 पदकों के साथ पहले स्थान पर रही, जबकि हरियाणा तीसरे, महाराष्ट्र चौथे और लेह-लद्दाख पांचवें स्थान पर रहा।

हिमाचल प्रदेश विंटर गेम्स एसोसिएशन के अध्यक्ष लुदर ठाकुर और स्कीमो इंडिया के अध्यक्ष विकास सूद ने बताया कि इस बार हिमाचल ने स्कीइंग में 10 और स्कीमों स्पर्धा में 4 पदक जीते हैं। हिमाचल की बेटियों ने इस बार विशेष रूप से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। मनाली की प्रकृति ठाकुर ने स्नो बोर्ड के सलालम और जाइंट सलालम में 2 गोल्ड मैडल जीते। 

अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी आंचल ठाकुर ने जाइंट सलालम में गोल्ड और सलालम में सिल्वर मैडल अपने नाम किया। प्रीति ठाकुर ने स्नो बोर्ड जाइंट सलालम और सलालम स्पर्धा में 2 गोल्ड मैडल प्राप्त किए। संध्या ने भी सलालम स्पर्धा में गोल्ड मैडल जीता। इसके अलावा तनुजा और योगेश कुमार ने जाइंट सलालम में सिल्वर मैडल जीते। स्कीमों स्प्रिंट में साक्षी ने गोल्ड व नताशा ने सिल्वर जीता। महिला रिले टीम ने भी स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। हिमाचल की इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुक्खू, खेल मंत्री यादविंद्र गोमा और मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने टीम को बधाई दी है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News