Kullu: हिमपात व बाढ़ से मनाली-लेह मार्ग अवरुद्ध, जगह-जगह फंसे वाहन

punjabkesari.in Tuesday, Aug 26, 2025 - 12:09 AM (IST)

मनाली (सोनू): लगातार हिमपात व बाढ़ के क्रम से मनाली लेह-मार्ग अवरुद्ध हो गया है। सड़क बंद होने से जगह-जगह वाहन फंस गए हैं। शिंकुला, बारालाचा, खरदूंगला व रोहतांग में 4 से 8 इंच बर्फ गिर चुकी है। लाहौल में बारिश व हिमपात जारी है। मनाली-धुंधी मार्ग पर सुबह भूस्खलन से एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया जिसे बीआरओ ने हटाकर सड़क को बहाल किया। दोपहर के समय भारी बारिश के कारण पागल नाले में बाढ़ आ गई। इस दौरान दोनों ओर सैंकड़ों वाहन फंस गए। बीआरओ सड़क बहाली में जुटा हुआ है।

मनाली-लेह मार्ग पर लाहौल, शिंकुला, बारालाचा, खरदूंगला व रोहतांग में सोमवार सुबह से बर्फ के फाहे गिरने शुरू हो गए। हालांकि सुबह के समय सभी दरों में वाहनों की आवाजाही सुचारू रही, लेकिन दोपहर बाद एहतियात के तौर पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। हिमपात का क्रम बढ़ता देख शाम के समय लेह जाने वाले सभी वाहन दारचा जबकि लेह से मनाली आने वाले वाहन जगह-जगह रोक लिए गए।

डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि धुंधी के पास भूस्खलन होने से बंद पड़ी सड़क काे बहाल कर दिया गया है। पुलिस जवान ट्रैफिक सुचारू रखने के हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। डीएसपी केलांग रश्मि शर्मा ने बताया कि शिंकुला, बारालाचा व खरदूंगला सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिर रही है। एहतियातन सभी दर्राें में ट्रैफिक रोक दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News