Kullu: मनाली में हाेटल से चिट्टा...भुंतर में नाकाबंदी पर चरस की खेप बरामद, पंजाब के 2 युवकाें सहित 3 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 02:42 PM (IST)

कुल्लू (संजीव): हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए अभियान के तहत पुलिस काे बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मनाली और भुंतर क्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में चिट्टा और चरस बरामद की है। इन मामलों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार पहले मामले में पुलिस थाना मनाली की टीम को गुप्त सूचना मिली कि मनाली के एक होटल में नशा तस्करी की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तुरंत उक्त हाेटल में दबिश दी। इस दाैरान होटल के कमरा नंबर-203 की नियमानुसार तलाशी लेने पर वहां ठहरे 2 युवकों के कब्जे से 39.650 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने चिट्टे काे कब्जे में लेकर दाेनाें युवकाें काे गिरफ्तार कर लिया। आराेपियाें की पहचान उपेंद्र जीत सिंह (21) निवासी जालंधर और वलकार सिंह (25) निवासी अमृतसर (पंजाब) के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और मनाली में किसे सप्लाई की जानी थी।

PunjabKesari

भुंतर में नाकाबंदी के दौरान 560 ग्राम चरस बरामद
दूसरी मामले में पुलिस थाना भुंतर की टीम ने नाकाबंदी के दाैरान एक व्यक्ति काे  560 ग्राम चरस के साथ काबू किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने सियुंड में हाथीथान-मणिकर्ण रोड पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान सामने से आ रहे एक व्यक्ति को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 560 ग्राम चरस बरामद हुई, जिस टीम ने उक्त व्यक्ति काे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान टेक राम (47) निवासी गांव देऊधरा, डाकघर भ्रैण, तहसील भुंतर व जिला कुल्लू के रूप में की गई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पतलीकूहल में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

आराेपियाें के नैटवर्क खंगाल रही पुलिस : एसपी
पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों ही मामलों में आगामी जांच जारी है। आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि नशे की सप्लाई चेन और मुख्य सरगनाओं तक पहुंचा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News