मनाली रिश्वत केस : 3 दिन के पुलिस रिमांड पर MES इंजीनियर केके सोनी, बिल पास कराने के बदले मांगी थी 93 हजार रुपए की घूस
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 06:21 PM (IST)
हिमाचल डेस्क : हिमाचल प्रदेश के मनाली स्थित बहांग क्षेत्र से रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए सैन्य इंजीनियरिंग सेवा के एक सहायक गैरिसन इंजीनियर के. के. सोनी को अदालत ने 7 जुलाई तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है।
बता दें कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मनाली में केके सोनी को रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने एक ठेकेदार फर्म में सुपरवाइजर के रूप में काम करने वाले की शिकायत के आधार पर तीन जुलाई को सोनी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सोनी ने शिकायतकर्ता से उसकी फर्म के बिल पास करने के बदले 93,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने आरोपी को उसके कार्यालय में रिश्वत की आंशिक राशि के रूप में 40,000 रुपये का भुगतान किया। आरोपी ने शिकायतकर्ता से बची हुई 53,000 रुपये की रिश्वत राशि के साथ दोबारा अपने कार्यालय आने को कहा था।
पूछताछ जारी
वहीं, सीबीआई ने शनिवार को जाल बिछाकर सोनी को शिकायतकर्ता से कुल 93,000 रुपये की मांग करने और रिश्वत की बची हुई 53,000 रुपये की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी की स्वीकारी गई 40,000 रुपये की रिश्वत राशि भी मनाली के सैन्य इंजीनियरिंग सेवा क्षेत्र स्थित उसके आवास से बरामद कर ली गई है। फिलहाल, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।

