Himachal: मनाली-हरिद्वार रूट पर जा रही वोल्वो बस से 2 KG चरस बरामद, STF के हत्थे चढ़ा पानीपत का तस्कर
punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 12:14 PM (IST)
कुल्लू (संजीव): हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए चिट्टा-मुक्त हिमाचल और एंटी-चिट्टा जन-आंदोलन के तहत स्पैशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अपनी मुस्तैदी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में एसटीएफ की मंडी टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मनाली से हरिद्वार जा रही एक वोल्वो बस से 2.006 किलोग्राम चरस बरामद की है। मौके से हरियाणा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार अवैध नशे के खिलाफ एसटीएफ की टीमें प्रदेश भर में लगातार गश्त और नाकेबंदी कर रही हैं। देर रात जब एसटीएफ की मंडी टीम नियमित निगरानी पर थी, तो उसने मनाली-हरिद्वार रूट पर जा रही एक वोल्वो बस ( HR 47H-0011) को चैकिंग के लिए रोका। बस की सघन तलाशी के दौरान एक यात्री के कब्जे से 2.006 किलो चरस बरामद हुई। टीम ने तुरंत चरस को जब्त कर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 26 वर्षीय रिंकू ठाकुर पुत्र महावीर सिंह के रूप में हुई है। आरोपी मकान नंबर 629, राम चौक, हरी नगर शिव मंदिर के पास, तहसील व थाना मॉडल टाऊन, जिला पानीपत (हरियाणा) का निवासी है। आरोपी के खिलाफ मंडी में स्थापित किए गए स्पैशल टास्क फोर्स के पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी हेम राज वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई सिर्फ एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसटीएफ इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और कहां पहुंचाई जानी थी। पुलिस इस पूरे अवैध नशा तस्करी नैटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए जुट गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

