Una: अम्ब-हमीरपुर हाईवे पर हादसा, तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर...व्यक्ति की गई जान
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 09:32 PM (IST)
अम्ब (अश्विनी): अम्ब-हमीरपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर स्थित नैहरियां में रविवार दोपहर को हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान विजय कुमार (58) पुत्र दासा निवासी नोहन (सपौरी) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार नैहरियां के तिराहे पर सड़क पार कर रहे विजय कुमार को एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक ने टक्कर मार दी। हादसे के दौरान विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में बाइक सवार 2 लोग भी मामूली रूप से घायल हुए हैं, लेकिन वे क्षतिग्रस्त बाइक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है, साथ ही दुर्घटना में शामिल वाहन को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मृतक विजय कुमार पेशे से ड्राइवर था। पुलिस फरार बाइक सवारों की तलाश में जुट गई है।

