ऊना में 1.05 करोड़ से निर्मित मेकशिफ्ट कोविड-19 अस्पताल शुरू, सीएम ने शिमला से वर्चुअल किया लोकार्पण

punjabkesari.in Friday, Jun 04, 2021 - 06:16 PM (IST)

हरोली (दत्ता): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला से वर्चुअल माध्यम द्वारा ऊना जिले के हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंडोगा में 1.05 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित मेकशिफ्ट कोविड-19 अस्पताल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने कहा कि 140 बिस्तर क्षमता का यह मेकशिफ्ट कोविड-19 अस्पताल कोरोना रोगियों को उनके घरों के निकट बेहतर उपचार प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल का निर्माण एक महीने के रिकॉर्ड समय में पूर्ण किया गया है। यह अस्पताल कोविड मरीजों को निर्बाध रूप से ऑक्सीजन की आपूर्ति करेगा।
PunjabKesari, CM Jairam Thakur Image

ऑक्सीजन की भंडारण क्षमता में 26 मीट्रिक टन से अधिक की वृद्धि

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया है। राज्य सरकार ने ऑक्सीजन की भंडारण क्षमता में 26 मीट्रिक टन से अधिक की वृद्धि की है और 8 पीएसए ऑक्सीजन संयंत्रों को कार्यशील किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 12 नए पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएसआर के तहत लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक मंडी, पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चम्बा और डाक्टर राजेन्द्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में भी 3 ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं।

पालकवाह में 500 एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट किया जा रहा स्थापित

जयराम ठाकुर ने कहा कि नैस्ले इंडिया लिमिटेड द्वारा नागरिक अस्पताल पालकवाह में 500 एलपीएम क्षमता का एक अन्य पीएसए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्रदेश का एकमात्र ऑक्सीजन संयंत्र आईजीएमसी शिमला में था जबकि आज राज्य में चिकित्सा ऑक्सीजन आपूर्ति में लगभग आत्मनिर्भर है। उन्होंने बिलासपुर जिला के घुमारवीं और हमीरपुर में 140 पीएसए क्षमता वाले 2 पीएसए संयंत्र उपलब्ध करवाने के लिए केन्द्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी बड़े अस्पतालों में ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित करने का प्रयास कर रही है।

हिमाचल में वैक्सीन की बर्बादी शून्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार यह भी सुनिश्चित कर रही है कि प्रदेश में टीकाकरण अभियान भी सुचारू रूप से चले। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश के उन कुछ राज्यों में से एक है, जिसमें वैक्सीन बर्बादी शून्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक लोगों को 24.23 लाख वैक्सीन की खुराकें प्रदान की जा चुकी हैं।

पीएसए संयंत्रों पर तेजी से कार्य कर जल्द पूरा करें

केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए अपने संसदीय क्षेत्र में मेकशिफ्ट अस्पताल के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में प्रदेश ने स्वास्थ्य अधोसंरचना को बढ़ाने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में बिस्तर क्षमता को लगभग 1200 से बढ़ाकर 5000 से अधिक कर दिया गया है। आगामी पीएसए संयंत्रों पर तेजी से कार्य कर इन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस शासित प्रदेशों पंजाब और राजस्थान में वैक्सीन की खुराकें बर्बाद हो रही हैं।

हिमाचल में कोविड मरीजों के लिए पर्याप्त बिस्तर और ऑक्सीजन उपलब्ध

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयासों से ही राज्य कोविड-19 की पहली लहर से सफलतापूर्वक निपटने में सफल रहा है और दूसरी लहर से भी प्रभावी ढंग से लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश संभवत: भारत का एकमात्र प्रदेश है जहां कोविड मरीजों के लिए पर्याप्त बिस्तर और ऑक्सीजन उपलब्ध है। राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष राम कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र के लोगों के लिए मेकशिफ्ट अस्पताल समर्पित करने के लिए धन्यवाद किया।

जिले में ऑक्सीजनयुक्त बिस्तरों की क्षमता 261 से अधिक

डीसी ऊना राघव शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि जिले में अब कुल ऑक्सीजनयुक्त बिस्तरों की क्षमता 261 से अधिक हो गई है। इस अवसर पर विधायक चिंतपूर्णी बलवीर चौधरी, विधायक गगरेट राजेश ठाकुर और स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी शिमला में मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित थे जबकि पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन अन्य अधिकारियों के साथ ऊना में मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News