नशे की हाईटैक तस्करी का पर्दाफाश: हिमाचल की लड़की छुपाती थी चिट्टा, पंजाब में बैठा बॉस भेजता था लोकेशन
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 05:59 PM (IST)
रोहड़ू (बशनाट): हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के तहत थाना जुब्बल में दर्ज चिट्टा बरामदगी के एक मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित अंतर्राज्यीय ड्रग सप्लाई नैटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह नैटवर्क अत्याधुनिक लोकेशन-बेस्ड डिलीवरी मॉड्यूल पर काम कर रहा था, जिसे पुलिस ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। जानकारी के अनुसार 9 फरवरी, 2026 को एनएच-705 पर गश्त के दौरान पुलिस टीम ने बौली नाला के पास जुब्बल निवासी 20 वर्षीय युवती को 13.46 ग्राम चिट्टे के साथ काबू किया था। इस पर थाना जुब्बल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच को तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों का गहन विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपी युवती का कनैक्शन पंजाब के ड्रग तस्करों से जुड़ा हुआ है, जिनका नैटवर्क जुब्बल-रोहड़ू क्षेत्र तक फैला हुआ था। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी युवती चिट्टे को अलग-अलग स्थानों पर छुपाकर उन जगहों की फोटो और वीडियो बनाकर मुख्य सप्लायर को भेजती थी। इसके बाद सप्लायर उन्हीं लोकेशनों को ग्राहकों के साथ सांझा कर नशे की आपूर्ति सुनिश्चित करता था। इस तरह यह पूरा नैटवर्क लोकेशन-बेस्ड ड्रग डिलीवरी सिस्टम के तहत काम कर रहा था।
अमृतसर से धरा आरोपी, 2 मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड बरामद
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर गठित विशेष टीम ने पंजाब के मोहाली, खरड़ और अमृतसर में लगातार दबिश दी। इस दौरान नैटवर्क के मुख्य सप्लायर लुकास (34) निवासी अमृतसर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से 2 मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनकी फोरैंसिक जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह नैटवर्क अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय पाया गया है, जो तकनीकी माध्यमों के जरिए मादक पदार्थों की सप्लाई करता था। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि जिले में ड्रग तस्करी से जुड़े किसी भी नैटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

