लम्बागांव में महाराष्ट्र पुलिस की दबिश, महिला को गिरफ्तार ले गई मुम्बई

punjabkesari.in Saturday, May 28, 2022 - 10:10 PM (IST)

जयसिंहपुर (ब्यूरो): मुम्बई की एक सैशन कोर्ट में पोक्सो एक्ट के अंतर्गत एक विचाराधीन मामले में शनिवार को महाराष्ट्र पुलिस ने लम्बागांव में दबिश दी। महाराष्ट्र पुलिस व लम्बागांव पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई में 43 वर्षीय एक महिला को उसके घर से हिरासत में लिया गया। जानकारी के अनुसार थाना लम्बागांव के अंतर्गत टंडर गांव की एक महिला पर मुम्बई के एक सैशन कोर्ट में पोक्सो एक्ट के तहत मामला विचाराधीन है। वहां से केस में शामिल होने के चलते महिला अपने गांव टंडर लौट आई थी। मुम्बई सैशन कोर्ट द्वारा बार-बार सम्मन दिए जाने पर भी महिला कोर्ट में पेश नहीं हो रही थी। महिला के कोर्ट में लगातार पेश न होने के चलते वहां की अदालत द्वारा महिला के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए। 

कोर्ट के आदेशों की अनुपालना करते हुए शनिवार को महाराष्ट्र पुलिस की टीम लम्बागांव थाना पहुंची और लम्बागांव थाना की पुलिस की सहायता से महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया, जहां वह लंबे समय से पुलिस से बच कर रह रही थी। पुलिस द्वारा महिला को गिरफ्तार करने के बाद जयसिंहपुर स्थित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन के ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया। महाराष्ट्र पुलिस महिला को अपने साथ मुम्बई ले गई है। लम्बागांव पुलिस थाना के प्रभारी राम सिंह ने पुष्टि करते हुए महिला को ट्रांजिट रिमांड पर भेजे जाने की बात कही है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News