जुब्बल में पुलिस का बड़ा एक्शन, पुलिस ने दबिश देकर महिला समेत दबोचे तीन सौदागर

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 01:20 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार को पुलिस ने जुब्बल क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में हेरोइन (चिट्टा) बरामद की और तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि जुब्बल कैंची के पास एक रिहायशी मकान से नशे का अवैध कारोबार चलाया जा रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहड़ू पुलिस की डिटेक्शन सेल टीम ने योजनाबद्ध तरीके से संबंधित कमरे पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां मौजूद तीन व्यक्तियों के पास से 20 ग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की गई।

पुलिस ने मौके पर मौजूद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान विनय वर्मा (40) निवासी जुब्बल, पंकज (25) निवासी गांव बढ़ावली, जुब्बल ओर पूजा (31) निवासी गांव नकसेटली, कोटखाई के रुप में हुई है। 

कड़ी धाराओं में मामला दर्ज

पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने नशीले पदार्थों को कब्जे में लेकर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अधीक्षक ने इस मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि विभाग अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह नशा कहां से लाया गया था और इसमें अन्य कौन-कौन शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला शिमला में नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News