जुब्बल पुलिस की कार्रवाई: कार से बरामद की अवैध शराब, दो गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 10:53 AM (IST)
रोहड़ू (बशनाट): जिला शिमला के जुब्बल क्षेत्र में महिला मंडल झगटान ने साहस और जागरूकता का परिचय देते हुए एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। अवैध गतिविधियों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाते हुए महिला मंडल की सदस्यों ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाई और पुलिस के साथ मिलकर एक बड़े अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़ करवाया। क्षेत्र में महिला मंडल की इस पहल की व्यापक सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार महिला मंडल की सतर्कता और पुख्ता सूचना के आधार पर थाना जुब्बल पुलिस ने बीती रात झगटान गांव के समीप बढेश में नाकाबंदी की। इस दौरान एक कार (एचपी 01ए-9727) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से देसी शराब की 84 बोतलें (7 पेटियां) बरामद की गईं। इस दौरान मौके पर मौजूद 2 आरोपी शेर सिंह और इंद्र सिंह को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि रोहड़ू, जुब्बल और कोटखाई के कई ग्रामीण क्षेत्रों में, खासकर जहां शराब के ठेके नहीं हैं, वहां अवैध शराब का कारोबार बेखौफ जारी रहता है। सामाजिक दबाव, आपसी रिश्तों और सूचना के अभाव के कारण लोग अक्सर इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ आवाज नहीं उठा पाते, ऐसे में झगटान महिला मंडल की यह पहल न केवल साहसिक है, बल्कि अन्य महिला मंडलों और सामाजिक संगठनों के लिए एक मजबूत संदेश भी देती है।
जिला पुलिस अधीक्षक शिमला ने महिला मंडल झगटान की सराहना करते हुए कहा कि अवैध शराब के खिलाफ इस तरह की जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिला मंडल ने जो साहस और जागरूकता दिखाई है, वह प्रशंसनीय है और पुलिस भविष्य में भी ऐसे जागरूक नागरिकों के साथ मिलकर अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाएगी। साथ ही उन्होंने अन्य महिला मंडलों और ग्रामीण संगठनों से भी निडर होकर सूचना देने की अपील की।

