रस्सों के सहारे पहाड़ी से उतरे देवों के देव महादेव, बच्चों के साथ खेली आंख-मिचौली

punjabkesari.in Thursday, Apr 14, 2022 - 09:27 PM (IST)

कुल्लू/भुंतर(गीता/सोनू): देवों के देव महादेव वीरवार को पहाड़ी से रस्सों के सहारे जिया गांव के लिए उतरे। देवता के विशाल रथ को दर्जनों देव कारकूनों ने पहाड़ी से उतारा। भयंकर पहाड़ी रास्ते से उतरते समय सामने व पीछे की तरफ को देवता के रथ को देवलुओं ने मोटे रस्सों के सहारे थामे रखा था। करीब दो घंटे से भी अधिक समय देवरथ को जिया गांव तक पहुंचाने में लगा। कुछ देवलुओं ने देवरथ को कंधों पर उठाए रखा और धीरे-धीरे आगे बढ़ते रहे व दर्जनों देवलुओं ने रस्सों के सहारे देवरथ को थामा। 

लोगों ने महादेव पर की पुष्प वर्षा 

हर साल बैसाख की संक्रांति के मौके पर बिजली महादेव जिया आते हैं। जिया गांव में पहुंचने पर लोगों ने बिजली महादेव पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान देवता ने बच्चों के साथ आंख-मिचौली का खेल भी खेला। यह परंपरा सदियों से निभाई जा रही है। जैसे ही देवता पहाड़ी से उतरने के बाद खेतों से होते हुए जिया गांव की ओर बढऩे लगे तो सबसे पहले देवता गांव के समीप एक खेत की तरफ जाते हैं। वहां पर फसलों के बीच बच्चे छिपे होते हैं। इन बच्चों को ढूंढते हुए देवता खेतों की तरफ बढ़े और वहां छिपे हुए बच्चे देवता के आते ही गांव की ओर दौड़े। देवता भी बच्चों के पीछे-पीछे गांव में प्रवेश करते हैं और इस दौरान लोगों ने देवता के ऊपर पुष्प वर्षा की। 

अपने मंदिर में विराजमान हुए महादेव

जिया गांव में पहुंचकर महादेव अपने मंदिर में विराजमान हुए। शुक्रवार को देवता की गांव में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं देवता को पुष्प अॢपत करेंगी और उनकी पूजा करेंगी। शनिवार तक बिजली महादेव जिया गांव में ही विराजमान रहेंगे और इस दौरान लोग देवता के दर्शनों के लिए जिया पहुंचेंगे। 

हर साल आते हैं महादेव

जिया पंचायत के प्रधान संजीव शर्मा ने बताया कि बिजली महादेव हर साल जिया गांव में आते हैं और 3 दिन यहां पर ठहरते हैं। उसके बाद देवता अपने अन्य स्थानों की ओर निकलेंगे और वहां भी देवता की लोग विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। देवलू अजय कुमार, विपिन, अरुण, कमल ठाकुर, विपिन शर्मा, ललित, ओम प्रकाश, भ्रैण के प्रधान तीर्थ राम, दयानंद, भागचंद आदि ने कहा कि देवता लाव लश्कर के साथ जिया पहुंचे हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News