प्रदेश की ऊंची शृंखलाओं में हल्का हिमपात, 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

punjabkesari.in Saturday, May 01, 2021 - 07:39 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से तापमान में बढ़ौतरी के कारण गर्मी काफी बढ़ गई थी, जिससे मैदानी क्षेत्रों के लोग गर्मी से परेशान होने लगे थे, लेकिन शनिवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। मैदानी इलाकों में बारिश के बाद लोगों को गर्मी से निजात मिली है। प्रदेश की ऊंची पर्वत शृंखलाओं बारालाचा व रोहतांग दर्रा में हल्की बर्फबारी की सूचना है। मनाली व आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद हल्की बारिश दर्ज की गई, वहीं राजधानी शिमला व आसपास के क्षेत्रों में भी शाम के समय बादल जमकर बरसे, जिससे यहां का मौसम सर्द हो गया और लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। अप्पर शिमला के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई।

ओलावृष्टि से सेब की फसल को नुक्सान

मैदानी भागों में बादलों के बरसने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा व मंडी जिलों में बाद दोपहर तेज बौछारें पड़ी। हालांकि बेमौसमी बारिश की वजह से इन इलाकों में गेहूं की कटाई का कार्य प्रभावित हुआ है। इसी तरह शिमला और कुल्लू जिलों के ऊपरी भागों में हुई ओलावृष्टि से सेब की फसल को नुक्सान पहुंचा है।

10 जिलों में 2, 4 व 5 मई को भारी वर्षा का यैलो अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में बारिश व बर्फबारी हो रही है। उन्होंने कहा कि 7 मई तक राज्य में मौसम के मिजाज खराब रहेंगे। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य 10 जिलों में 2, 4 व 5 मई को भारी वर्षा का यैलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हिमपात होने का भी अनुमान है।

अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज

मौसम के बदलने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ऊना में अधिकतम तापमान 38, बिलासपुर 37, हमीरपुर 36.4, कांगड़ा 34.9, सुंदरनगर 33.9, चम्बा 33.3, नाहन 32.7, सोलन 30.6, भुंतर 29.8, धर्मशाला 27.4, शिमला 24.5, डल्हौजी 20.6 और केलांग में 13.5 डिग्री दर्ज किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News