Shimla News: प्री-मानसून की बारिश से दरकने लगे पहाड़; संजौली-ढली बाईपास पर दरकी पहाड़ी, बाल-बाल बचे लोग
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 07:59 PM (IST)
शिमला (वंदना): राजधानी शिमला में प्री-मानसून की दस्तक के साथ ही पहाड़ों के दरकने का खौफनाक सिलसिला भी शुरू हो गया है। वीरवार शाम संजौली-ढली बाईपास रोड पर अचानक एक पहाड़ी भरभरा कर सड़क पर आ गिरी। इस खौफनाक मंजर को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और जान बचाने के लिए भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। जानकारी के अनुसार पहाड़ी से अचानक मिट्टी और पत्थर खिसकने लगे और पलक झपकते ही पूरी पहाड़ी ढह गई। मलबे के साथ भारी-भरकम पेड़ भी सड़क पर आ गिरे। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह भूस्खलन हुआ, उस समय सड़क से गुजर रहे वाहन और पैदल यात्री मलबे की चपेट में नहीं आए। स्थानीय लोगों ने दौड़कर किसी तरह अपनी जान बचाई, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।
2 बहुमंजिला भवनों को खाली करने के आदेश
पहाड़ी के इस तरह दरकने से उसके ठीक ऊपर और आसपास बने बहुमंजिला भवनों पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया है। सुरक्षा की दृष्टि से पहाड़ी के ऊपर बने 2 बहुमंजिला मकानों को तुरंत खाली करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा साथ लगते अन्य भवनों पर भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जिस पर प्रशासन नजर बनाए हुए है।
मशीनों से हटाया मलबा, देर शाम बहाल हुई सड़क
भारी भूस्खलन के कारण संजौली-ढली बाईपास रोड के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई। सड़क बंद होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत मशीनें मौके पर भेजीं और मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया।
प्रशासन ने की अपील, एडवाइजरी का करें पालन
चूंकि पहाड़ी से अभी भी भूस्खलन होने का खतरा बना हुआ है, इसलिए प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस मार्ग पर बेहद सावधानी से यात्रा करें और जाम या किसी भी आपात स्थिति से बचने के लिए जितना संभव हो सके, वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

