नाहन शिमला मार्ग पर भी भूस्खलन, यातायात हुआ बाधित
punjabkesari.in Tuesday, Aug 03, 2021 - 03:21 PM (IST)

नाहन : प्रदेश से मंगलवार को एक और स्थान पर भूस्खलन होने का समाचार प्राप्त हुआ है। मंगलवार सुबह श्री रेणुका जी-हरिपुरधार मार्ग पर लैंड स्लाइड के बाद अब नाहन-शिमला मार्ग पर भी भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन के बाद कई वाहन वहां फंस गए हैं और पहाड़ी से बड़ी बड़ी चट्टाने सड़क पर आ गिरी है। दोनों तरफ वाहनों की बड़ी-बड़ी कतारें भी लगी हुई हैं। चट्टानों के बीच से केवल दो पहिया वाहन ही गुजर रहे हैं।
जो भूस्खलन हुआ है वह दोसड़का से लादू की तरफ पैट्रोल पंप के नजदीक हुआ है। इस जगह पर पहले भी भूस्खलन हो चुका है, जिसके कारण सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है। लंबे अरसे से वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। नाहन-शिमला मार्ग पर नैनाटिक्कर तक बरसात में दो-तीन प्वाइंटस पर भूस्खलन की आशंका रहती है। मंगलवार को हुए भूस्खलन के कारण बडे़-बड़े बोल्डर सड़क पर आ जाने के कारण छोटी मशीन से हाईवे को बहाल करना आसान नहीं है। समाचार लिखे जाने तक मार्ग कोबहाल करने का कार्य शुरू नहीं हो सका था।